सीहोर में समझाईश: नाली पार दिखा सामान तो 5 हजार जुर्माना, भेरूंदा में हटा अतिक्रमण

सीहोर। आज से बाजार में दुकानदारों ने अगर अपना सामान नाली के पार सड़क तक रखा तो उन्हें इसका खामियाजा पांच हजार रुपए का जुर्माना भरकर भुगतना पड़ेगा. नगरपालिका द्वारा एक दिन पूर्व व्यापारियों के साथ बैठक कर इस सबंध में उन्हें सख्त हिदायत दी जा चुकी है.

शहर के मेन रोड सहित तमाम सड़कों पर अतिक्रमण के कारण लोगों को होने वाली परेशानी जग जाहिर है. अधिकांश दुकानों का सामान सड़क तक रखा रहता है. इसके अलावा दुपहिया वाहनों की बेतरतीब पार्किंग और हाथठेलों के जमावड़े से दिन में कई बार जाम के हालात निर्मित होते हैं. मेन रोड, गांधी रोड, नमक चौराहा सहित चकला चौराहा, जगदीश मंदिर चौराहा पर अतिक्रमण के कारण जाम के हालात बने रहते हैं. ऐसे में नगरपालिका ने एक बार फिर अतिक्रमण विरोधी अभियान की शुरुआत की है. इससे पूर्व नपा के कार्यालय में व्यापारियों के साथ बैठक करते हुए उन्हें सख्त हिदायत दी गई कि सड़क पर किसी प्रकार का सामान रखा तो उसे जब्त किया जाएगा. इतना ही नहीं उनके खिलाफ पांच हजार रुपए की चालानी कार्रवाई भी की जाएगी. इस दौरान तहसीलदार अमित सिंह, सहायक यंत्री विजय कोली व अतिक्रमण शाखा प्रभारी तिलक खाती के समक्ष व्यापारियों ने कहा कि वह दुकानों का सामान नाली तक ही रखेंगे. इस संबंध में सहायक यंत्री विजय कोली ने बताया कि बाजार में हाथठेलों के स्थायी खड़े होने पर भी प्रतिबंध रहेगा. किसी भी सड़क के मोड़ पर अगर हाथठेला खड़ा पाया गया तो उसके खिलाफ भी सख्त चालानी कार्रवाई को अंजाम दिया जाएगा. तहसीलदार श्री सिंह ने व्यापारियों को दुकानों के सामने लगे तिरपाल हटाने के भी निर्देश देते हुए कहा कि बारिश का मौसम बीत गया है. गर्मी में तिरपालों के कारण आग लगने की संभावनाओं को देखते हुए निर्देश दिए गए हैं.

उधर, भैरूंदा में नगर परिषद व पुलिस अमले ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए नगर के मुख्य व आंतरिक मार्ग पर हाथ ठेला, अस्थाई दुकानदार व स्थाई व्यापारियो द्वारा सड़क पर सामग्री रखकर यातायात को बाधित करने वालो पर प्रशासन का चाबुक चला. यह अभियान शहर में बढ़ते जाम की समस्या और अतिक्रमण को दूर करने के उद्देश्य से चलाया गया. सड़क पर खड़े रहकर यातायात को बाधित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले दुकानदारों को सड़क से हटाने की कार्रवाई की गई. थाना प्रभारी घनश्याम सिंह दांगी ने बताया कि नगर परिषद एवं पुलिस के द्वारा चलाए गए इस अभियान के दौरान मुख्य रूप से सीहोर नाका एवं बस स्टैंड क्षेत्र में पहुंचकर सड़क पर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की गई. दुकानदारों के द्वारा सड़क पर दुकान लगाए जाने से यहां पर जाम लगने की स्थिति हमेशा ही निर्मित होती है. कुछ ऐसी ही स्थिति सीहोर नाके पर भी देखने को मिलती है. मस्जिद से लेकर सीहोर नाके से आगे तक सड़क पर ही वाहनों के खड़े रहने के कारण कई बार जाम के हालात बनते हैं. पुलिस द्वारा इन दोनों क्षेत्रों में अभियान चला कर सड़क पर खड़े रहकर व्यापार करने वाले एवं सड़क को बाधित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई. कार्रवाई के दौरान पुलिस के साथ नापा अधिकारी आरपी भावरे के साथ नगर परिषद और पुलिस विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे. अभियान के बाद यह बात सामने आई है कि शहर में व्यवस्थित हॉकर्स जोन का न होना ही जाम लगने का मुख्य कारण है. सड़क पर व्यापार कर आजीविका चलाने वाले दुकानदारों ने बताया कि शहर में छोटे व्यापारियों और ठेले-गुमटी वालों के लिए कोई निर्धारित और व्यवस्थित स्थान नहीं होने के कारण वह मजबूरन मुख्य सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर खड़े होकर व्यापार करते हैं. इसी कारण से आए दिन यातायात बाधित होता है. और जाम की स्थिति निर्मित होती है.

 

 

Next Post

ससुर की पीठ में घोंप दी चाकू

Mon Dec 8 , 2025
जबलपुर‌:शहपुरा थाना अंतर्गत चंद्रमौली गार्डन में युवक ने ससुर की पीठ में चाकू घोंप दी।पुलिस ने बताया कि रोशन अहिरवार 45 वर्ष निवासी ग्राम बिलपठार ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि चंद्रमौली गार्डन में दामाद अभिषेक अहिरवार अपने भाई अजय अहिरवार एवं एक अन्य व्यक्ति के साथ शराब के नशे में […]

You May Like