कार्टून की रेखाओं में दिखा समाज का सच्चा चेहरा

भोपाल। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय में शुक्रवार को हुए कार्टून शो और लाइव डिमॉन्स्ट्रेशन ने साबित कर दिया कि कुछ रेखाएँ शब्दों से कहीं अधिक असर छोड़ जाती हैं। मंच से देशभर के नामी कार्टूनिस्टों ने भी कुछ ऐसे तीखे-मीठे बयान दिए जो मीडिया के विद्यार्थियों को हँसाते हुए सोचने पर मजबूर कर गए। इसके बाद जब विद्यार्थियों की आंखों के सामने तात्कालिक मुद्दों पर कार्टून बनकर उभरने लगे, तो लगा जैसे कार्टून किसी दृश्य का नहीं, विचार का चित्रण कर रहे हों। हँसी के साथ गहरी सोच जगाने वाली यह कला पूरे परिसर में जीवंत दिखी।

उद्घाटन सत्र में कुलगुरु विजय मनोहर तिवारी ने कहा कि अखबार में कार्टून धड़कते हुए दिल की तरह हैं। शब्द ढांचा गढ़ते हैं लेकिन कार्टून उस ढांचे में प्राण भर देते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि मीडिया के पाठ्यक्रमों में कार्टूनिंग को शामिल किए बिना पत्रकारिता की शिक्षा अधूरी है।

वरिष्ठ कार्टूनिस्ट देवेंद्र शर्मा ने बताया कि कार्टून की जगह भले बदल रही हो लेकिन इसकी जरूरत आज भी उतनी ही है जितनी पहले थी। सोशल मीडिया ने इसके रूप और जिम्मेदारी दोनों को नया आयाम दिया है। हरिओम तिवारी और शिरीष श्रीवास्तव ने कहा कि कार्टून में ह्यूमर और व्यंग्य दोनों होते हैं और यही इसे जनता के सबसे करीब लाता है। त्र्यम्बक शर्मा ने बताया कि तकनीक और एआई के बढ़ते प्रभाव ने ह्यूमर की भाषा को भी बदला है।

दूसरे सत्र में तक्षशिला और विक्रमशिला परिसर में शहरी विकास और भ्रष्टाचार जैसे विषयों पर लाइव स्केचिंग हुई। विद्यार्थियों ने न केवल स्केच बनते देखे बल्कि कलाकारों से लगातार संवाद कर अपनी समझ को भी समृद्ध किया। प्रशांत कुलकर्णी ने कार्टून एप्रिशिएशन कार्यशाला में बताया कि विषय चयन, कम्पोजिशन और व्यंग्य की धार कैसे कार्टून को प्रभावशाली बनाती है।

पूरे आयोजन में छात्र सबसे अधिक उत्साहित दिखे। मुक्ताकाश मंच पर जब कार्टूनिस्टों ने मिनटों में विचारों को रेखाओं में ढाला तो माहौल एक खुली कक्षा में बदल गया। इस यादगार कार्यक्रम का संयोजन विभागाध्यक्ष प्रोफेसर पवित्र श्रीवास्तव ने किया।

 

 

Next Post

निगम क्षेत्र की 8 पंचायतों में होंगे स्वच्छता के कार्यः सम्भागायुक्त

Sat Dec 6 , 2025
इंदौर: संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े की अध्यक्षता में इंदौर विमानतल पर्यावरण प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित हुई. बैठक में विमानतल प्रबंधन समिति द्वारा रखें गए विषय के सम्बंध में सम्भागायुक्त डॉ. खाड़े ने कहा कि इंदौर नगर निगम क्षेत्र के आसपास आने वाली 8 पंचायतों में स्वच्छता के कार्य प्रारम्भ […]

You May Like