
छतरपुर। बस किराए में बढ़ोतरी के विरोध में शनिवार को महाराजा छत्रसाल बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के छात्रों ने प्रदर्शन किया। छात्रों ने डाकखाना चौराहा और चौबे तिराहा पर नारेबाजी कर सरकार के खिलाफ विरोध जताया। इसके बाद छात्र कलेक्ट्रेट पहुंचे और मुख्यमंत्री के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर बढ़ा हुआ किराया वापस लेने की मांग की।
छात्रों का कहना है कि बस किराया बढ़ने का सबसे ज्यादा असर ग्रामीण क्षेत्रों और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आने वाले विद्यार्थियों पर पड़ रहा है। छात्रों के अनुसार, जिन मार्गों पर पहले करीब 50 रुपए किराया लिया जाता था, वहां अब कई जगह 100 रुपए तक वसूले जा रहे हैं। रोजाना कॉलेज आने-जाने वाले छात्रों के लिए यह अतिरिक्त खर्च परेशानी बढ़ा रहा है।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने ‘जिला प्रशासन होश में आओ’ सहित कई नारे लगाए। छात्रों ने बताया कि उनके परिवारों में अधिकांश अभिभावक किसान या मजदूरी कर परिवार चलाते हैं। ऐसे में बढ़ा हुआ किराया उनकी पढ़ाई पर भी असर डाल रहा है। छात्रों ने सरकार और जिला प्रशासन से बस किराया पूर्ववत करने की मांग की है।
