मॉस्को, 02 दिसंबर (वार्ता) रूसी सेना ने डोनबास में क्रास्नोआर्मेस्क (पोक्रोव्स्क) और खारकोव क्षेत्र में वोल्चांस्क सहित कई प्रमुख अग्रिम पंक्ति के शहरों पर नियंत्रण कर लिया है। रूस के जनरल स्टाफ के प्रमुख वालेरी गेरासिमोव ने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को 30 नवंबर को एक कमांड पोस्ट के दौरे के दौरान यह जानकारी दी । श्री पुतिन को यह भी बताया गया कि ज़ापोराजिया क्षेत्र में गुलयायपोल को भी नियंत्रण में लेने का अभियान शुरू हो गया है। इस बीच राष्ट्रपति के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा कि राष्ट्रपति ने आगामी सर्दियों के दौरान युद्ध अभियानों के लिए सैनिकों को सभी आवश्यक चीज़ प्रदान करने के लिए निर्देश दिये हैं। रूसी राष्ट्रपति कार्यालय के अनुसार, रूसी सेना ने क्रास्नोआर्मेस्क-दिमित्रोव क्षेत्र में यूक्रेनी सेना को घेर लिया है, जिसमें दिमित्रोव क्षेत्र पर अब रूस का नियंत्रण हो गया है।
उल्लेखनीय है कि श्री गेरासिमोव ने नवंबर की शुरूआत में कहा था कि रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण शहर कुपियांस्क पर रूसी सेना ने नियंत्रण स्थापित कर लिया था। ओस्कोल नदी के पास स्थित यह शहर एक महत्वपूर्ण रसद केंद्र है, जो रूस को पश्चिम की ओर आगे बढ़ने में सक्षम बनाता है। यूक्रेन ने हालांकि घेराबंदी की रिपोर्टों को खारिज कर दिया है यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लादिमीर ज़ेलेंस्की ने अपने पश्चिमी समर्थक देशों से अधिक सहायता की अपील करते हुए कहा कि युद्ध के मैदान यूक्रेनी पक्ष को रूस की तुलना में कम नुकसान हुआ है। इसी बीच एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम में यूक्रेन के ऊर्जा क्षेत्र में एक बड़े भ्रष्टाचार घोटाले से श्री ज़ेलेंस्की की स्थिति और कमजोर हो गई है। इसमें कथित तौर पर किसी डील के बदले लगभग 100 मिलियन डॉलर की रिश्वत ली गई थी। इन आरोपों के कारण यूक्रेन के न्याय और ऊर्जा मंत्रियों को पद से इस्तीफा देना पड़ा था।

