इंदौर: हीरानगर इलाके में सोमवार रात एक युवक संदिग्ध हालात में मृत मिला. वह दोस्त की शादी में शामिल होने गया था और देर रात उसकी कार से शव मिलने पर हड़कंप मच गया, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज जांच शुरु की.हीरानगर थाना क्षेत्र स्थित आनंद मिलन गार्डन में आयोजित शादी समारोह में शामिल एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई.
मृतक की पहचान 38 वर्षीय अंकित तिवारी निवासी स्कीम नंबर 78 के रूप में हुई है, जो एक निजी कंपनी में कार्यरत था. परिजनों ने पुलिस को बताया कि अंकित अपने दोस्तों के साथ शादी में पहुंचा था, लेकिन देर रात लगभग ढाई बजे वह कार में मृत अवस्था में मिला. कार का दरवाजा खुला हुआ था. जब दोस्तों ने उसे सीट पर पड़ा देखा तो तुरंत सीपीआर देने की कोशिश की, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली.
इसके बाद एफआरवी को सूचना दी गई और उसे एमवाय अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. परिजनों का कहना है कि उन्हें आधी रात पुलिस और अस्पताल से कॉल मिला, जिसके बाद वे तत्काल एमवाय पहुंचे. अंकित अपने परिवार पत्नी, दो बच्चों और मां के साथ रहता था, थाना प्रभारी सुशील पटेल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हार्टअटैक की आशंका है. जिस पार्किंग में अंकित की कार खड़ी थी, वहां सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं. पुलिस ने मर्ग कायम कर विस्तृत जांच शुरू कर दी है.
