छतरपुर: जिले में उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब शादी से ठीक पहले दूल्हा पक्ष ने कथित रूप से दहेज पूरा न होने पर रिश्ता तोड़ दिया और पूरी बारात के साथ वापस लौट गया। अचानक हुए इस घटनाक्रम ने वधू पक्ष को गहरे सदमे में डाल दिया। खुशियों से भरा माहौल कुछ ही मिनटों में मातम में बदल गया। लड़की के माता-पिता की हालत बिगड़ गई, जिन्हें लोगों ने संभालकर बैठाया।
घटना नौगांव रोड स्थित एक मैरिज हाउस की है। यहां टीकमगढ़ जिले की पलेरा तहसील के हिनौता गांव से लड़की पक्ष विवाह समारोह में शामिल होने आया था। दूल्हा और उसकी बारात छतरपुर शहर के डेयरी रोड इलाके से पहुंची थी। रस्में चल रही थीं तभी दूल्हा पक्ष ने अचानक अतिरिक्त दहेज की मांग रख दी। लड़की वालों ने इसका विरोध किया और मांग पूरी करने से इनकार कर दिया। इसी बात से नाराज दूल्हा पक्ष ने शादी रद्द कर दी और बारात वापस ले गया।
नाराज वधू पक्ष ने किया सड़क जाम
शादी टूटने की खबर फैलते ही वधू पक्ष ने नौगांव रोड पर चक्का जाम कर दिया। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों से बात कर स्थिति को नियंत्रित किया और यातायात बहाल कराया।
थाने में दर्ज कराई शिकायत
घटना से आक्रोशित लड़की पक्ष अब दहेज मांगने और शादी तोड़ने के मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहा है। परिजन ओरछा रोड थाने पहुंचे, जहां पुलिस उनकी लिखित शिकायत दर्ज कर रही है।स्थानीय लोगों का कहना है कि दहेज के कारण रिश्तों का टूटना आज भी समाज की बड़ी समस्या है। छतरपुर में हुई यह घटना एक बार फिर इस कड़वी सच्चाई को उजागर करती है कि दहेज प्रथा अभी भी कई परिवारों के लिए दुख की वजह बनी हुई है।
