
छतरपुर। नौगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत हीरापुर टपरियन में ऑनलाइन पेमेंट का फर्जी स्क्रीनशॉट दिखाकर सामान लेने का मामला सामने आया है। इस विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया, जिसमें पति-पत्नी को चोटें आईं।
गांव के रहने वाले संजय और उनकी पत्नी शुक्रवार 12 सितंबर को दोपहर करीब 1 बजे अपने परिवार के साथ एसपी ऑफिस पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। संजय ने बताया कि गांव के ही कुछ लोग लंबे समय से फर्जी ऑनलाइन पेमेंट स्क्रीनशॉट दिखाकर सामान ले जाते हैं। जब इस पर आपत्ति जताई गई तो विवाद बढ़ गया।
संजय का आरोप है कि इस दौरान गांव के तीन लोगों ने उनके और उनकी पत्नी पर हमला कर दिया और जमकर मारपीट की। घटना से आहत पति-पत्नी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में लिखित आवेदन देकर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित पक्ष का कहना है कि स्थानीय स्तर पर शिकायत करने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई, जिसके बाद वे सीधे एसपी कार्यालय पहुंचे। वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आवेदन प्राप्त हो गया है और मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
