स्कीट निशानेबाज फाइनल से चूके

नयी दिल्ली, 05 मई (वार्ता) कजाखस्तान के अल्माटी स्थित आसानोव शूटिंग क्लब में आयोजित इंटरनेशनल शूटिंग स्पोर्ट फेडरेशन (आईएसएसएफ) वर्ल्ड कप शॉटगन में भारतीय स्कीट निशानेबाज पुरुष और महिला दोनों वर्गों में फाइनल में जगह बनाने से चूक गए। ओलंपियन मैराज अहमद खान और राइज़ा ढिल्लों भारतीय खिलाड़ियों में सबसे बेहतर स्थान पर रहे। मैराज, जिन्होंने पहले दिन 75 में से 71 का स्कोर करते हुए 26वें स्थान से दूसरे दिन की शुरुआत की थी, ने अंतिम दो सीरीज़ में 23 और 25 का स्कोर किया और कुल 119 अंकों के साथ क्वालिफिकेशन चरण का समापन 18वें स्थान पर किया। रैंकिंग अंक के लिए खेल रहे भावतेग सिंह गिल 119 (24, 24, 23, 24, 24) के स्कोर के साथ मैराज से एक स्थान नीचे 19वें स्थान पर रहे।

ओलंपियन अनंतजीत सिंह नरूका ने चौथी सीरीज में परफेक्ट 25 का स्कोर किया और इसके बाद 23 का स्कोर बनाते हुए सीजन के अपने पहले वर्ल्ड कप का समापन 117 अंकों के साथ 38वें स्थान पर किया। प्रतियोगिता में तीसरे भारतीय, राष्ट्रीय चैंपियन गुरजोत सिंह खंगूरा ने अंतिम दो सीरीज़ में 22 और 23 का स्कोर करते हुए कुल 115 अंकों के साथ 54वां स्थान हासिल किया। अभय सिंह सेखों, जो रैंकिंग अंक के लिए प्रतिस्पर्धा कर रहे थे, ने चौथी और पांचवीं सीरीज़ में 23 और 20 का स्कोर किया और कुल 113 अंकों के साथ 71वें स्थान पर रहे।

महिला वर्ग में गनेमत सेखों, जिन्होंने पहले दिन शीर्ष आठ से एक स्थान नीचे रहते हुए दिन समाप्त किया था, अंतिम दो सीरीज़ में 22 और 20 ही बना सकीं और कुल 112 अंकों के साथ 33वें स्थान पर खिसक गईं। राइज़ा ढिल्लों ने 115 (22, 23, 24, 23, 23) के स्कोर के साथ 17वें स्थान पर रहते हुए भारतीय खिलाड़ियों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। परिनाज़ ढालीवाल ने अंतिम दो सीरीज़ में 24 और 22 का स्कोर करते हुए कुल 112 अंकों के साथ 32वां स्थान हासिल किया, जो गनेमत से एक स्थान ऊपर रहा। रैंकिंग अंक के लिए खेल रहीं वंशिका तिवारी और रश्मि राठौर ने क्रमशः 112 और 102 के स्कोर के साथ 29वें और 47वें स्थान पर समाप्त किया।

.....

Next Post

मंत्रियों संग चर्चा: इंदौर में 9 से 13 जून तक होगा ब्रिक्स देशों के कृषि मंत्रियों का सम्मेलन: सीएम डॉ यादव

Tue May 5 , 2026
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि गर्व का विषय है कि ब्रिक्स देशों के कृषि मंत्रियों का सम्मेलन 9 से 13 जून तक इंदौर में होने जा रहा है। विश्व की प्रमुख उभरती अर्थव्यवस्थाओं वाले देशों के इस समूह को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और अधिक सशक्त […]

You May Like