एमवाय अस्पताल में दुर्लभ सफल सर्जरी, महिला के पेट से निकाली गईं 15 किलो की दो गांठें

इंदौर: एमवाय अस्पताल के सर्जरी विभाग ने एक जटिल और जोखिमपूर्ण सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम देते हुए खरगोन जिले की 50 वर्षीय महिला मसाली बाई की जान बचा ली। ग्राम दबिया निवासी यह मरीज पेट में लगातार बढ़ते दर्द और असामान्य सूजन की शिकायत के साथ विभागाध्यक्ष की यूनिट में भर्ती हुई थी। जांच में पाया गया कि मरीज के पेट में दो अत्यंत बड़ी गठानें मौजूद हैं, जिनका वजन मिलाकर लगभग 15 किलो तक पहुंच गया था।

डीन डॉ अरविंद घनघोरिया ने बताया कि गठानों का आकार इतना अधिक था कि पेट में अन्य अंगों पर भी दबाव बन रहा था, जिससे स्थिति लगातार जटिल होती जा रही थी। तय समय पर सर्जरी की गई और विशेषज्ञ टीम ने दोनों विशाल ट्यूमर सुरक्षित रूप से निकाल लिए। सर्जरी के बाद मरीज की हालत स्थिर रही और धीरे-धीरे स्वास्थ्य में सुधार होता गया।

यह जटिल ऑपरेशन विभागाध्यक्ष डॉ. अरविन्द शुक्ला और स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. सोमेन भट्टाचार्जी के नेतृत्व में किया गया। टीम में डॉ. अविनाश गौतम, डॉ. उपेन्द्र पाण्डेय, डॉ. रामेंद्र गुर्जर सहित अन्य जूनियर चिकित्सक शामिल रहे। टीम के समन्वित प्रयासों से मरीज को बिना किसी जटिलता के सफल उपचार मिला। डीन डॉ अरविंद घनघोरिया ने नवभारत को बताया कि मरीज पूरी तरह स्वस्थ है और सभी पैरामीटर्स सामान्य पाए जाने पर उसे आज डिस्चार्ज कर दिया गया।

Next Post

ज़हरीली कफ़ सिरप त्रासदी पर जवाबदेही तय हो: सिंघार

Mon Dec 1 , 2025
भोपाल: मध्यप्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के प्रथम दिन कांग्रेस विधायक दल ने छिंदवाड़ा में ज़हरीली कफ़ सिरप से हुई मासूम बच्चों की दर्दनाक मौतों के विरोध में विधानसभा परिसर में जोरदार सांकेतिक प्रदर्शन किया।नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भाजपा सरकार पर “पूतना का वेश धारण कर खतरनाक चुप्पी साधे […]

You May Like