भिंड: जिले के गोहद चौराहा थाना क्षेत्र के डांग गांव में आधी रात के करीब रास्ते से निकलने को लेकर हुए विवाद में एक युवक को गोली मार दी गई। घायल युवक गौरव गुर्जर को परिजन तत्काल उपचार के लिए ग्वालियर ले गए, जहां आज सोमवार तड़के उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गोहद चौराहा टीआई मनीष धाकड़ के अनुसार डांग गांव में एक शादी समारोह चल रहा था। इसी दौरान गांव के गौरव गुर्जर पुत्र लायक सिंह गुर्जर और जेपी कांकर के बीच विवाद हो गया। बताया जाता है कि जेपी कांकर भिंड से ग्वालियर की ओर अपने साथियों के साथ जा रहे थे। मुख्य सड़क के पास वाहन खड़ा करने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ा और गौरव पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए। स्थिति तनावपूर्ण होने पर दोनों तरफ से मारपीट की नौबत बन गई। इसी दौरान जेपी कांकर की ओर से गोली चलाई गई, जो सीधे गौरव को जा लगी। घटना के बाद आरोपी और उसके साथी वहां से भाग निकले।
गोली लगते ही गौरव लहूलुहान होकर गिर पड़ा। परिजन व ग्रामीण उसे तुरंत ग्वालियर ले गए, लेकिन अस्पताल में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मौत की खबर लगते ही गांव में मातम पसर गया। गौरव के गांव में गुर्जर परिवार में लड़की की शादी थी, जिसे परिवार ने जल्दबाज़ी में रस्में पूरी कर आज सुबह लड़़की की विदाई की। सोमवार सुबह पोस्टमार्टम के लिए गौरव का शव आया तो गांव में आक्रोश व्याप्त हो गया है। गांव में भारी तादाद में पुलिस बल तैनात किया गया है।
