अदालती कार्यवाही के दौरान एक व्यक्ति ने सीजेआई पर कोई वस्तु फेंकने की कोशिश की

नयी दिल्ली, 06 अक्टूबर (वार्ता) उच्चतम न्यायालय में सोमवार सुबह एक असामान्य घटनाक्रम में वकील की पोशाक पहने एक व्यक्ति ने अदालती कार्यवाही के दौरान मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति बी.आर.गवई पर कथित रूप से कोई वस्तु फेंकने की कोशिश की।
अदालत कक्ष के अंदर नारे लगाने वाले व्यक्ति को सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत पकड़ लिया और कक्ष से बाहर ले गए। इस व्यवधान के कारण अदालत की कार्यवाही कुछ देर तक बाधित रही लेकिन बाद में स्थिति सामान्य हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अदालत कक्ष से बाहर निकाले जाने के दौरान उस व्यक्ति ने चिल्लाते हुए कहा, “सनातन धर्म का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान”। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने दावा किया कि उसने जूता फेंकने की कोशिश की जबकि अन्य ने कहा कि वह कागज़ का एक रोल था।
मुख्य न्यायाधीश गवई ने संयम दिखाते हुए व्यवधान के तुरंत बाद कार्यवाही फिर से शुरू की। उन्होंने वकील से बहस जारी रखने का आग्रह करते हुए शांतिपूर्वक कहा, “ध्यान मत भटकाइए। हम इससे विचलित नहीं हैं।”
घटना के बाद अदालत कक्ष के आसपास सुरक्षा कड़ी कर दी गई।

Next Post

औद्योगिक-लॉजिस्टिक्स का ऑफिस स्पेस तीसरी तिमाही में 2.13 करोड़ वर्ग फुट बढ़ा

Mon Oct 6 , 2025
नयी दिल्ली, 06 अक्टूबर (वार्ता) औद्योगिक और लॉजिस्टिक्स सेक्टरों ने मौजूदा कैलेंडर वर्ष की तीसरी तिमाही में 2.13 करोड़ वर्ग फुट नये ऑफिस स्पेस लिये और सालाना आधार पर इसमें 21.7 प्रतिशत की वृद्धि देखी गयी।वैश्विक प्रॉपर्टी सलाह कंपनी सैविल्स इंडिया की एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गयी है। […]

You May Like