इंदौर: भंवरकुआं थाना क्षेत्र के टीपी नगर में सड़क किनारे खड़े आठ ट्रकों से चोर करीब 570 लीटर डीजल निकाल ले गए. इसके अलावा दो ट्रकों के आगे के एक-एक टायर भी डिस्क सहित चोरी हो गए. वारदात 21 सितंबर की सुबह से 22 सितंबर के बीच की बताई गई है.ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजपाल सिंह भाटिया ने पुलिस को बताया कि ड्राइवरों की कमी के चलते उन्होंने अपने आठ ट्रक कार्यालय के सामने सड़क पर खड़े किए थे.
22 सितंबर को सुपरवाइजर ने वाहनों की जांच की तो डीजल और टायर चोरी होने का पता चला. भंवरकुआं पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. थाना प्रभारी संतोष दुधी ने बताया कि ट्रकों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं. चोरों का पता लगाने के लिए आसपास के संदिग्धों की भी जानकारी जुटाई जा रही है.
