तेज बारिश से थमी महाराष्ट्र-राजस्थान की आवक, इंदौर में टमाटर के दामों में हल्की तेजी

इंदौर: महाराष्ट्र और राजस्थान में लगातार हो रही तेज बारिश का असर अब इंदौर की थोक सब्जी मंडियों में भी दिखाई देने लगा है। दोनों राज्यों से टमाटर की आवक प्रभावित होने के कारण इंदौर में टमाटर के दामों में हल्की तेजी दर्ज की गई है.जानकारी के अनुसार, जब महाराष्ट्र से टमाटर की पर्याप्त आवक हो रही थी, तब बाजार में कीमतें स्थिर बनी हुई थीं. लेकिन भारी बारिश के चलते महाराष्ट्र से आवक लगभग बंद हो गई है. वहीं राजस्थान में भी तेज बारिश के कारण टमाटर की आवक कमजोर पड़ गई है, जिससे बाजार में भाव बढ़ने लगे हैं.

हालांकि, इंदौर की चोइथराम मंडी में फिलहाल बेंगलुरु से टमाटर की नियमित आवक बनी हुई है. इसी वजह से टमाटर के दामों में बड़ी तेजी देखने को नहीं मिली है और बाजार में कीमतें नियंत्रित बनी हुई हैं. टमाटर व्यापारी गौरव चौहान ने बताया कि मंडी में माल की आवक कम होने के कारण वर्तमान में टमाटर के थोक भाव गुणवत्ता के अनुसार 600 रुपये से 1,000 रुपये प्रति कैरेट तक चल रहे हैं. उन्होंने कहा कि यदि महाराष्ट्र और राजस्थान से पर्याप्त मात्रा में टमाटर की आवक होती रहती है, तो कीमतें घटकर 400 से 600 रुपये प्रति कैरेट के बीच बनी रहतीं.

खेरची बाजार पर दिख रहा असर
व्यापारियों के अनुसार, थोक बाजार की मौजूदा स्थिति का असर खेरची बाजार पर भी दिखाई दे रहा है। इस समय टमाटर उपभोक्ताओं को गुणवत्ता के अनुसार 50 रुपये से 80-90 रुपये प्रति किलोग्राम तक के भाव में मिल रहा है. व्यापारियों का मानना है कि आने वाले दिनों में मौसम की स्थिति और बाहरी राज्यों से होने वाली आवक के आधार पर टमाटर के दामों में आगे उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।

Next Post

रेलवे स्टेशन के समीप युवक को घायल कर लूटा

Sat Jul 11 , 2026
सीहोर। स्थानीय रेलवे स्टेशन पर असामाजिक तत्वों की हरकतें लगातार बढ़ती जा रही हैं. शुक्रवार को रेलवे स्टेशन के समीप गुना जिले के कुंभराज निवासी एक युवक पर अज्ञात बदमाशों ने जानलेवा हमला कर उसका पर्स, नगदी और जरूरी दस्तावेज़ लूटकर फरार हो गए. घायल युवक को जिला अस्पताल में […]

You May Like