शिमला, (वार्ता) हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने रविवार को शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर अंतर्राष्ट्रीय मुक्केबाजी चैम्पियनशिप का शुभारंभ किया।
‘नशा छोड़ो-खेल-खेलो’ थीम पर आधारित इस चैम्पियनशिप का आयोजन हिमाचल प्रदेश प्रोफेशनल बॉक्सिंग एसोसिएशन द्वारा किया जा रहा है।
श्री शुक्ल ने आयोजकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश के छह बार मुख्यमंत्री रहेे राजा वीरभद्र सिंह की याद में इस चैम्पियनशिप का आयोजना करवाना उनके प्रति लोगों की सच्ची श्रद्धांजलि है। दूरदर्शिता और समर्पण भाव से परिपूर्ण उनका जीवन, प्रदेश के लोगों को पीढ़ी दर पीढ़ी प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने कहा कि वह हिमाचल के दूरदर्शी नेता होने के साथ-साथ राजनीति के दिग्गज थे जिन्होंने हिमाचल प्रदेश के समग्र विकास में अमूल्य योगदान दिया।
राज्यपाल ने कहा कि चैम्पियनशिप में भारत और विदेश से एथलीटों की भागीदारी यह संदेश देती है कि खेल जीवन का अभिन्न अंग है और यह वैश्विक सौहार्द और संवाद की भावना को बढ़ाते हैं। उन्होंने आह्वान किया कि युवाओं को खेल गतिविधियों को जीवन का अभिन्न अंग बनाना चाहिए क्योंकि इससे शारीरिक मजबूती के साथ-साथ मानसिक शक्ति को भी हासिल किया जा सकता है।
इससे पहले, राज्यपाल ने भारतीय और रूसी मुक्केबाजों के बीच एक रोमांचक मुकाबला देखा। हिमाचल प्रदेश प्रोफेशनल बॉक्सिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष मोहिंद्र स्टेन ने राज्यपाल का स्वागत किया और उनके सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।