
सिंगरौली । इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा संचालित बालिका खुला आश्रय गृह की बालिकाओं को आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने के उद्देश्य से आज शनिवार को डीडीआरसी सभागार में हस्तनिर्मित राखी, आर्ट एंड क्राफ्ट, ज्वैलरी एवं होम डेकोर सामग्री की प्रदर्शनी आयोजित की गई।
बालिकाओं द्वारा तैयार आकर्षक कलाकृतियों को अतिथियों और आमजन ने खूब सराहा तथा कई उत्पादों की खरीदारी भी की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक सियाज केएम रहे। विशिष्ट अतिथियों में अपर जिला न्यायाधीश उमेश सोनी, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव मनोरम तिवारी, तहसीलदार सविता यादव, नायब तहसीलदार अंकिता जैन, प्रधान न्यायाधीश जेजेबी तनु गुप्ता, जेजेबी सदस्य विजय लक्ष्मी शुक्ला, लायंस क्लब डिस्ट्रिक्ट गवर्नर सीए सौरभ कांत एवं रेडक्रॉस चेयरमैन एसडी सिंह मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत रेडक्रॉस चेयरमैन एसडी सिंह के स्वागत उद्बोधन से हुई। इसके बाद शिरीन ने पीपीटी के माध्यम से आश्रय गृह की गतिविधियों की जानकारी दी तथा बालिकाओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सामाजिक कुरीतियों पर संदेश दिया। प्रदर्शनी में रेजिन, कुंदन, क्ले और कस्टमाइज राखियों के साथ बोहो आर्ट पेंटिंग, शैल आर्ट, लिप्पन आर्ट, टेक्सचर आर्ट, ज्वैलरी एवं विभिन्न वॉल मिरर प्रदर्शित किए गए। एसपी ने बालिकाओं के हुनर की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा और कौशल प्रशिक्षण के माध्यम से उन्हें आत्मनिर्भर जीवन की ओर बढ़ाया जा रहा है। कार्यक्रम का संचालन डॉ. डीके मिश्रा ने किया, जबकि सचिव डॉ. ओपी राय ने आभार जताया। आयोजन में रेडक्रॉस के स्टाफ समेत अन्य नागरिक मौजूद रहे।
