नयी दिल्ली, 13 दिसंबर (वार्ता) कांग्रेस ने ‘वोट चोरी’ के खिलाफ चलाए गये अपने अभियान के तहत रविवार 14 अप्रैल को यहां रामलीला मैदान में होने वाली ‘वोट चोर – गद्दी छोड़’ महा रैली की तैयारी पूरी कर ली है।
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने शनिवार को एक वीडियो जारी कर बताया कि रैली की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। श्री यादव ने रैली स्थल रामलीला मैदान से जारी संदेश में लोगों से बड़ी संख्या में इस रैली में शामिल होने का आग्रह करते हुए कहा “मेरी अपील है कि इस रैली में शामिल होकर ‘वोट चोरी’ के खिलाफ आवाज को बुलंद कीजिए और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे तथा पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के हाथों को मजबूत करिए।”
इससे पहले कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा “जब ‘वोट चोरी’ पकड़ी गई तो चोर बौखला गया और अब वो मुद्दों को भटकाने का काम कर रहा है। वोट चोरी से जुड़े हमारे सवाल स्पष्ट हैं, जिन्हें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी लगातार पूछ रहे हैं, लेकिन जवाब नहीं मिल रहा है। अब 14 दिसंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में ‘वोट चोरी’ के खिलाफ एक विशाल रैली हो रही है। मेरी अपील है कि आप सब भी रैली में आइए, क्योंकि हमें ‘वोट चोरों’ को भागने नहीं देना है।”
