खरगे-राहुल ने केरल के मतदाताओं का जताया आभार

नयी दिल्ली, 13 दिसम्बर (वार्ता) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे तथा पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी तथा वायनाड से पार्टी सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने केरल स्थानीय निकाय चुनाव में यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) को मिली सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए केरल के मतदाताओं का अभार जताया है।

केरल में हुए स्थानीय निकाय के चुनाव के आज घोषित परिणामों में छह नगर निगमों में से चार पर कांग्रेस के नेतृत्ववाली यूडीएफ को चार सीटें मिली हैं जबकि वाम मोर्चा और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन को एक-एक सीट मिली है।

श्री खरगे ने शनिवार को सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में केरल के मतदाताओं को धन्यवाद देते हुए कहा “कांग्रेस, स्थानीय निकाय चुनावों में यूडीएफ को दिए गए निर्णायक फैसले के लिए केरल के लोगों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करती है। हमें विश्वास है कि हमारे यूडीएफ गठबंधन को अगले कुछ महीनों में होने वाले विधानसभा चुनावों में भी इसी तरह का जनादेश मिलेगा। इसी विश्वास के साथ करेल कांग्रेस पूरी जिम्मेदारी की भावना और एकजुट उद्देश्य के साथ अभियान चलाएगी।”

श्री गांधी ने कहा, “स्थानीय निकाय चुनावों में यूडीएफ पर भरोसा जताने के लिए केरल की जनता को सलाम। यह एक निर्णायक और उत्साहवर्धक जनादेश है।

ये नतीजे यूडीएफ में बढ़ते विश्वास का स्पष्ट संकेत हैं और आगामी विधानसभा चुनाव में जीत की ओर इशारा करते हैं। संदेश स्पष्ट है कि केरल जवाबदेह शासन चाहता है जो सुनता है, प्रतिक्रिया देता है और काम करता है।”

उन्होंने कहा “हमारा ध्यान अब अटल है और वह है केरल के आम लोगों के साथ खड़ा होना, उनकी रोजमर्रा की चिंताओं को दूर करना और पारदर्शी, जन-प्रथम प्रशासन सुनिश्चित करना है। सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों को बधाई। पार्टी के प्रत्येक नेता और कार्यकर्ता को मेरी हार्दिक सराहना, जिनके समर्पण और कड़ी मेहनत से यह जीत संभव हो सकी।”

श्रीमती वाड्रा ने कहा “स्थानीय निकाय चुनावों में फैसला राजनीतिक नतीजे से कहीं अधिक है। यह एक ऐसी सरकार के प्रति लोगों की आशा को दर्शाता है जो उनके संघर्षों को समझती है और ईमानदारी से प्रतिक्रिया देती है। मैं यूडीएफ पर भरोसा जताने के लिए केरल के लोगों को तहे दिल से धन्यवाद देती हूं। जैसे-जैसे हम विधानसभा चुनावों की ओर बढ़ रहे हैं, यह जनादेश हमें नई ताकत और आत्मविश्वास देता है। सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों को मेरी हार्दिक बधाई, और प्रत्येक नेता और कार्यकर्ता को मेरी हार्दिक सराहना, जिनके अथक समर्पण के कारण यह जीत संभव हुई।”

 

 

 

Next Post

राजवैध डॉ. शास्त्री की द्वितीय पुण्यतिथि पर स्वास्थ्य जांच शिविर रविवार को

Sat Dec 13 , 2025
ग्वालियर। राजवैध डॉ वेणी माधव शास्त्री की द्वितीय पुण्यतिथि पर आयुर्वेद स्वास्थ जांच शिविर का आयोजन जैन छात्रावास में रविवार प्रातः 1 बजे से दोपहर एक बजे तक रहेगा। उक्त जानकारी डॉ वेणी माधव जी शास्त्री स्मृति सेवा संस्थान के सचिव डॉ प्रवीण अग्रवाल ने देते हुए बताया कि क्षेत्रीय […]

You May Like