इंदौर: डबल चौकी क्षेत्र के सिवनीगढ़ी गांव के पास देर रात जंगल में तेंदुए का क्षत-विक्षत शव मिलने के बाद मामला सीधी शिकार की वारदात में बदल गया है। मौके की स्थिति और शव की हालत देखकर वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि तेंदुए की नृशंस हत्या की गई है। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि उसके दोनों पिछले पैर पूरी तरह काटकर ले जाए गए, जबकि दांत भी टूटे हुए मिले हैं।
मामले में डीएफओ का कहना है कि शव की जांच में यह साफ झलक रहा है कि शिकारी पंजों के नाखून और अन्य अंगों के लिए धारदार हथियार से तेंदुए के पैर अलग कर ले गए। घटनास्थल से क्लच वायर का फंदा भी बरामद हुआ है, जिससे अनुमान है कि उसी के सहारे तेंदुए को फंसाया गया था। पोस्टमार्टम टीम ने बताया कि शव करीब 36 घंटे से ज्यादा पुराना है। तेंदुआ नर पाया गया। पोस्टमार्टम के बाद वन विभाग ने शाम को उसका दाह संस्कार कर दिया। विभाग ने क्षेत्र में सक्रिय संदिग्ध और पुराने आदतन शिकारियों की तलाश शुरू कर दी है।
