जबलपुर: नेताजी सुभाषचंद्र मेडिकल बोस कॉलेज अस्पताल की दोनों तरफ की दीवार से सटकर अवैध कब्जा करने वाले स्थाई व अस्थाई अतिक्रमणों को कई दिनों पहले नगर निगम के बुल्डोजर ने ये सोचकर ढहा तो दिया था कि अब यहां दोबारा अतिक्रमणकारी अवैध कब्जा नहीं करेंगे और यातायात सुचारू रूप से चलेगा…. लेकिन नगर निगम के अतिक्रमण दस्ते की इस कार्रवाई को कब्जाधारियों ने दोबारा खुली चुनौती दी है। नतीजा ये है कि मेडिकल के बाहर फिर से कब्जाधारियों ने अपनी-अपनी दुकानें सजा लीं हैं जिससे दोबारा से दो पहिया व चार पहिया वाहनों के आवागमन से जाम के हालात निर्मित होने लगे हैं।
विदित हो कि कुछ दिन पहले नगर निगम के अतिक्रमण दस्ते द्वारा पिछले करीब 10 सालों से मेडिकल अस्पताल की दीवार के दोनों तरफ जमे अवैध अतिक्रमण को ढहा दिया था जिसके बाद सड़क भी बेहतर दिखने लगी थी। अतिक्रमण प्रभारी मनीष तड़से ने नवभारत को बताया कि निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देश पर शहर भर में लेफ्ट टर्न पर जमे अतिक्रमणों को और अन्य स्थानों में जमे कब्जे को हटाने की कार्रवाई प्रतिदिन की जा रही है। मेडिकल में फिर से जमे अवैध कब्जे को हटाने की कार्रवाई दोबारा कराई जाएगी।
विजय नगर चौपाटी में भी कार्रवाई की दरकार
जानकारी के अनुसार विजय नगर चौपाटी में भी कई दिनों पहले अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई की गई थी और वहां टपरे लगाने वाले दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि विजय नगर चौपाटी में अब वे दोबारा अपनी दुकानें न सजाएं लेकिन बीते कई दिनों से यहां देखा जा रहा है कि कई टपरे वाले अपनी-अपनी दुकानें सजाने लगे हैं।
