
छतरपुर। जिले में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस ने विशेष अभियान चलाया है। इस अभियान के तहत नगरीय एवं ग्रामीण मार्गों पर संचालित ऑटो और ई-रिक्शा वाहनों पर सीरियल नंबर स्टीकर लगाए जा रहे हैं। अब तक छतरपुर नगर, देहात क्षेत्र, बागेश्वर धाम और खजुराहो क्षेत्र में 2000 से अधिक वाहनों पर स्टीकर लगाए जा चुके हैं।
यातायात पुलिस ने बताया कि रूट और क्षेत्र के अनुसार अलग-अलग रंग के स्टीकर चस्पा किए गए हैं। प्रत्येक स्टीकर के आधार पर वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर, चालक का लाइसेंस, मोबाइल नंबर और दस्तावेजों की जानकारी यातायात थाना में सुरक्षित रखी गई है।
एसपी अगम जैन के निर्देश पर यह अभियान पिछले वर्ष नगर क्षेत्र में शुरू किया गया था। इस बार इसे जिले के कस्बों और गांवों तक विस्तारित किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि इस पहल से यात्रियों को सुरक्षित और भरोसेमंद परिवहन सुविधा मिल रही है।
अभियान के जरिए यदि कोई चालक नशे की हालत में या तेज रफ्तार से वाहन चलाता है, अथवा यात्री के साथ दुर्व्यवहार करता है तो उसकी शिकायत सीधे पुलिस तक पहुंचाई जा सकती है। वहीं, यात्रियों का गुम हुआ मोबाइल, पर्स या अन्य सामान भी पहचान के आधार पर वापस कराने में यह व्यवस्था कारगर साबित हो रही है।
