नरसिंहगढ़/ कुरावर। नरसिंहगढ़ तहसील के तहत ग्राम बरोड़ी के समीप एक ट्रेक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर रोड से नीचे खाई में जाकर पलट गया. दुर्घटना में ट्रेक्टर के चालक ने दम तोड़ दिया.
जानकारी के अनुसार कल ग्राम बरोड़ी स्थित पुलिया के समीप रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से ड्राइवर की मौत हो गई. वाहन पार्वती नदी के समीप ग्राम सुंडी से रेत लेकर नरसिंहगढ़ की ओर जा रहा था. बताया जा रहा है कि अचानक ब्रेक फेल होने से ट्रॉली पुलिया पर से पलट गई और चालक मुकेश पिता देवचंद धनगर उम्र 40 वर्ष निवासी बलवटपुरा नरसिंहगढ़ ट्रॉली के नीचे दब गया. जिससे चालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तथा ग्रामीणों की मदद से शव को ट्रॉली से बाहर निकाला गया. सिविल अस्पताल नरसिंहगढ़ में पीएम उपरान्त शव परिजनों को सौप दिया गया. पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. दुर्घटनाग्रस्त ट्रेक्टर-ट्रॉली अनवर पिता मुख्तार अंसारी निवासी नरसिंहगढ़ की बताई जा रही है.
प्रतिबंध के बावजूद जारी अवैध उत्खनन
जानकारी के अनुसार रेसई बांध परियोजना क्षेत्र में वर्ष 2017-18 से रेत उत्खनन पूर्णत: प्रतिबंधित है, बावजूद इसके पार्वती नदी किनारे ग्राम सुंडी में अवैध रेत उत्खनन लगातार हो रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि रविवार की घटना में जिस रेत से भरी ट्रॉली ने चालक की जान ली, वह भी इसी क्षेत्र से भरी जा रही थी. घटना स्थल देवगढ़ चौकी क्षेत्र में आता है, लेकिन संबंधित विभाग इस अवैध गतिविधि से अनजान बने हुए है.
कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
इस क्षेत्र में इससे पूर्व भी गंभीर घटनाएं हो चुकी है. ग्रामीणों का कहना है कि देवगढ़ चौकी क्षेत्र में लगभग 30 गांव आते हैं, लेकिन नियमित रुप से पुलिश गश्त नहीं होती है. क्षेत्र में अवैध गतिविधियां संचालित हो रही है. फिलहाल इस तरह की घटनाओं से संबंधित जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे है.
प्रतिबंध के बाद भी अवैध उत्खनन हो रहा है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी.
सुशील कुमार, एसडीएम नरसिंहगढ़
दुर्घटना मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. हमें अवैध उत्खनन की जानकारी नहीं थी आगे पड़ताल की जा रही है.
जितेंद्र सिंह मवई, थाना प्रभारी कुरावर
