इंदौर:नगर निगम द्वारा महापौर पुष्यमित्र भार्गव एवं आयुक्त दिलीप कुमार यादव के निर्देशों के अनुसार शहर की प्राचीन धरोहर- कुएं एवं बावड़ियों- के संरक्षण, संवर्धन और जीर्णोद्धार के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है. इसी क्रम में झोन क्रमांक 3, वार्ड क्रमांक 57, डीआरपी लाइन में शिव मंदिर के सामने स्थित ऐतिहासिक कुएं का जीर्णोद्धार कार्य पूर्ण किया गया है.
अपर आयुक्त रोहित सिसोनिया के मार्गदर्शन में नगर निगम की टीम द्वारा व्यापक स्तर पर सफाई एवं खुदाई कर कुएं में जमा मलबे को निकाला गया. इसके पश्चात कुएं की परिधि को सुरक्षित और मजबूत बनाने हेतु आरसीसी दीवारों का निर्माण कार्य किया गया. झोनल अधिकारी राज ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कुआं सन् 1905 के आसपास निर्मित प्राचीन संरचना है. लम्बे समय से उपेक्षित रहने के कारण इसमें अत्यधिक मात्रा में कचरा व मलबा जमा हो गया था, जिससे इसकी मूल संरचना को पहचान पाना भी कठिन हो गया था.
सौंदर्यीकरण कार्य भी किया
नगर निगम द्वारा न केवल कुएं का संरक्षण किया गया है, बल्कि इसके आसपास के क्षेत्र का भी सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्य पूरा किया गया है. कुएं के आसपास हरित क्षेत्र, बैठने की व्यवस्था तथा स्थानीय रहवासियों के व्यायाम हेतु आवश्यक सुविधाएं विकसित की गई हैं, जिससे यह क्षेत्र अब एक आकर्षक सार्वजनिक स्थल के रूप में उभर रहा है. नगर निगम का उद्देश्य शहर की पुरातन जल संरचनाओं को सुरक्षित कर भविष्य की पीढ़ियों के लिए संरक्षित रखना तथा जल संरक्षण को प्रोत्साहित करना है. इस दिशा में जारी प्रयास आगे भी निरंतर जारी रहेंगे
