
भोपाल/इंदौर/मंदसौर। मध्यप्रदेश के बहुचर्चित शराब फर्जी चालान घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 70 करोड़ रुपये की चल–अचल संपत्तियाँ जब्त कर ली हैं। कार्रवाई इंदौर, मंदसौर और खरगोन जिलों में की गई।
ईडी की जांच में सामने आया है कि शराब परिवहन के लिए फर्जी चालान बनाकर करोड़ों रुपये की कर चोरी की गई थी। आरोपियों ने इन अवैध पैसों को जमीन, फ्लैट व व्यावसायिक संपत्तियों में निवेश किया था।
ईडी की टीम ने शुक्रवार को तीनों जिलों में कई ठिकानों पर दबिश दी और घोटाले से जुड़े शराब ठेकेदारों, परिवहनकर्ताओं और संबंधित फर्मों की संपत्तियों को प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग ऐक्ट (PMLA) के तहत अटैच किया।
जिन परिसंपत्तियों को जब्त किया गया है, उनमें—
इंदौर में स्थित आवासीय व वाणिज्यिक संपत्तियाँ
मंदसौर जिले में कृषि भूमि और भूखंड
खरगोन जिले में निवेश कर खरीदी गई कई मूल्यवान संपत्तियाँ शामिल हैं
ईडी के अनुसार, आरोपियों ने फर्जी चालानों के माध्यम से शराब की ढुलाई दिखाकर बड़े पैमाने पर कर और राजस्व की हेराफेरी की। मामले को लेकर आगे की पूछताछ और संपत्तियों की जांच जारी है।
इस कार्रवाई को हाल के समय में ईडी द्वारा की गई सबसे बड़ी जब्ती में से एक माना जा रहा है।
