जबलपुर: इंस्टाग्राम आईडी के जरिए दो युवक हनी ट्रैप का शिकार हो गए। हुस्न के जाल में फंस गए। लार्डगंज थाना अंतर्गत यादव कॉलोनी चौकी स्थित ईडब्ल्यूएस क्वार्टर शताब्दीपुरम में दोनों भाई युवती से मिलने पहुंचे तो युवती ने अपने दो युवक दोस्तों को बुला लिया, पहले तो दोनों भाईयों की पिटाई करवाई, इसके बाद ब्लैकमेल कर एक लाख रूपए की डिमांड करने लगे। रूपए न देने पर बलात्कार के झूठे केस में फंसाने की धमकी दी।
पुलिस के मुताबिक पावला बेलखेडा निवासी 19 वर्षीय युवक ने शनिवार को रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके बडे पापा का लडका से इंस्टाग्राम आईडी पर रागिनी शर्मा नाम की लडक़ी से दो तीन दिन पहले चैटिंग में बात हुयी। शुक्रवार को दोपहर 2:30 बजे दोपहर को उसका इंस्टाग्राम मैसेज आया कि आज मैं फ्री हूं, आज मिलते है, नहीं तो मैं अपने घर करेली नरसिंहपुर चली जाउंगी।
इसके बाद वह अपने भाई के साथ मिलने सहमत हो गया। इसके बाद उसने बताया कि उसका दोस्त ईडब्ल्यूएस क्वार्टर शताब्दीपुरम में रहता है, वहीं पर मिलते है तो रागिनी शर्मा मेहता पेट्रोल पंप के पास मिलने आयी, उसके बाद उसने नगद 500 रूपये लिये। इसके बाद तीनों गाडी मेंं बैठकर ईडब्ल्यूएस क्वार्टर शताब्दी पुरम में पहुंचे। इसके बाद रागिनी शर्मा ने बोला कि भूख लगी है और चाईनीज, बियर की एक बाटल एवं सिगरेट बुलवाई।
इसके बाद दस मिनट बाद उसने फोन करके अपने साथी विवेक तिवारी एवं साहिल बर्मन को बुला लिया और वह लोग वीडियो बनाने लगे और मारपीट करने लगे। इसके बाद विवेक, शाहिल बोले कि एक लाख रूपए दो नहीं तो तुमको बलात्कार के केस में फंसवा देंगे। वह डर गया। परिजनों को बुलाया उन्हें पूरे मामले से अवगत कराया। एक लाख रूपए देने के लिए बोला तो परिजनों ने पैसे देने से मना करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कहीं तो उसने थाने मेें रिपोर्ट दर्ज कराई।
तीनों गिरफ्तार, कितने और बने शिकार
यादव कॉलोनी चौकी प्रभारी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि मामले मेें धारा 308 (2), 61(2), 296, 115(2), 3 (5) के तहत प्रकरण दर्ज कर रागिनी शर्मा, विवेक तिवारी, साहिल बर्मन के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। तीनों को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस गैंग ने इसके पहले और कितने को हनी ट्रैप के जाल में फंसाते हुए ब्लैकमेल की है।
