दिल्ली के नजफगढ़ क्षेत्र में एचआईएल (इंडिया) की 5.12 एकड़ जमीन की होगी नीलामी, आरक्षित मूल्य 829.69 करोड़ रुपये

नयी दिल्ली, 9 अक्टूबर (वार्ता) लोक उद्यम विभाग के अंतर्गत कार्यरत राष्ट्रीय भूमि मुद्रीकरण निगम (एनएलएमसी) ने दिल्ली नजफगढ़ औद्योगिकी क्षेत्र में स्थित केंद्रीय उपक्रम एचआईएल (इंडिया) लि. के स्वामित्व वाली की नीलामी के लिए ई-निविदा जारी की है।

नजफगढ़ क्षेत्र में रोहतक रोड के शिवाजी मार्ग स्थित इस फ्रीहोल्ड औद्योगिक उपयोग के भूखंड का आकार लगभग 5.119 एकड़ ( लगभग 20,722.93 वर्ग मीटर) है। इसे पारदर्शी और प्रतिस्पर्धी इलेक्ट्रानिक बोली प्रक्रिया के माध्यम से सीधे बिक्री के लिए प्रस्तुत किया जाना प्रस्तावित है।

कृषि रसायन कंपनी एचआईएल (इंडिया) लिमिटेड की ओर से इस मुद्रीकरण प्रक्रिया को एनएलएमसी द्वारा परिचालित किया जा रहा है।

इसे सरकार की बेकार पड़ी अचल सम्पत्तियों को बाजार में चढ़ाने की योजना के तहत नीलाम किया जा रहा है। निविदा पात्र बोलीदाताओं से तकनीकी बोली आमंत्रित करने के लिए है। वित्त मंत्रालय की शुक्रवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार इस संपत्ति का आरक्षित मूल्य 829.69 करोड़ रुपये निर्धारित किया गया है, जबकि न्यूनतम बोली वृद्धि एक करोड़ रुपये प्रति एकड़ होगी। बोली प्रक्रिया में भाग लेने के लिए पात्र बोलीदाताओं को 16.60 करोड़ रुपये की बयाना राशि जमा करनी होगी।

विज्ञप्ति के अनुसार पंजीकरण, तकनीकी बोली तथा बयाना राशि/बैंक गारंटी जमा करने की अंतिम तिथि 19 नवंबर, 2026 को दोपहर 14:00 बजे तक है। तकनीकी बोलियां 20 नवंबर 2026 को शाम 4:00 बजे खोली जाएंगी। 23 नवंबर, 2026 को एक मॉक ऑक्शन (पूर्वाभ्यास नीलामी) निर्धारित है। ई-नीलामी की अंतिम तिथि तकनीकी बोलियां खुलने के बाद सूचित की जाएगी। इसके लिए अधिसूचना गुरुवार को जारी कर दी गयी है।

पिछले दो महीनों में एनएलएमसी द्वारा सार्वजनिक रूप से घोषित यह तीसरी ई-नीलामी है। मंत्रालय ने कहा है कि यहसरकारी भूमि के मुद्रीकरण की योजनाओं को गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

 

Next Post

हर 10 मिनट में बिजली ट्रिपिंग, रातभर अंधेरे में गांव; ग्रामीणों में आक्रोश

Fri Oct 9 , 2026
सिंगोली। नीमच जिले के सिंगोली, झांतला, धारडी, कदवासा, कोज्या और परलाई सहित आदिवासी अंचल के दर्जनों गांवों में बिजली की घोषित और अघोषित कटौती से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली बार-बार ट्रिप होने और रात के समय घंटों आपूर्ति बंद रहने से घरेलू […]

You May Like