पंचकूला नगर निगम के खातों में घोटाले के आरोप पर बैंक ने जारी किया स्पष्टीकरण, दर्ज करायी शिकायत

नयी दिल्ली/पंचकूला, 25 मार्च (वार्ता) हरियाण में पंचकूला नगर निगम के खातों में घोटाले के आरोपों पर कोटक महिंद्रा बैंक ने बुधवार को एक स्पष्टीकरण जारी कर दावा किया कि लेनदेन में नियमों का पूरी तरह से पालन किया गया है और मामले में उसने भी पुलिस के पास शिकायत दर्ज करायी है।
कोटक महिंद्रा बैंक के एक प्रवक्ता ने कहा कि पंचकूला नगर निगम से मिले निर्देशों के अनुरूप बैंक ने निगम के सावधि जमा और संबंधित बैंक खातों में त्रुटियों को दूर करने की प्रक्रिया शुरू कर दी। उन्होंने कहा, समीक्षागत राशि का एक बड़ा हिस्सा नगर निगम को हस्तांतरित दिया गया है और त्रुटियों को दूर करने की चरणबद्ध प्रक्रिया अभी जारी है। प्रवक्ता ने बताया कि संचालन मानकों के अनुरूप और मामले की व्यापक तथा स्वतंत्र जांच सुनिश्चित करने के लिए बैंक ने पंचकुला पुलिस के पास औपचारिक शिकायत भी दर्ज करायी है और बैंक जांच में नगर निगम, सरकारी अधिकारियों तथा कानून प्रवर्तन एजेंसियों का पूरा सहयोग कर रहा है।

बयान के अनुसार, बैंक ने रिकॉर्डों की अब तक की जांच में पाया है कि खाते खोलने की प्रक्रिया, केवाईसी के दस्तावेज लेने, प्राधिकृत हस्ताक्षरकर्ता बनाने और नगर निगम से प्राप्त निर्देशों में किसी तरह की खामी नहीं थी। साथ ही सभी खातों के रखरखाव और लेनदेन में प्रक्रियाओं और बैंकिंग नियमों का पूरी तरह पालन किया गया है जानकारी के मुताबिक, पंचकूला नगर निगम ने सेक्टर-11 स्थित कोटक महिंद्रा बैंक शाखा में खाता खुलवाया था, जिसमें निगम के 16 सावधि जमा (एफडी) खाते थे। ये एफडी पूर्व में भारतीय बैंक से ट्रांसफर करवायी गयी थीं। जांच के दौरान सामने आया कि इनमें से पांच एफडी का बैंक रिकॉर्ड ही मौजूद नहीं है। निगम अधिकारियों ने बैंक और हरियाणा सरकार को पत्र लिखकर मामले की जानकारी दी। इसके बाद बैंक ने भी पंचकूला डीसीपी को शिकायत सौंपी, जिसकी जांच आर्थिक अपराध शाखा को सौंपी गयी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि एफडी के फर्जी रिन्यूअल दस्तावेज हर बार निगम को भेजे जाते रहे, जिससे अधिकारियों को शक नहीं हुआ। आरोप है कि एक ही दस्तावेजों पर अतिरिक्त खाते खोलकर रकम अन्य खातों में ट्रांसफर की गयी।

Next Post

दस भारतीय कप्तान, किसके सर सजेगा ताज

Wed Mar 25 , 2026
नयी दिल्ली, 25 मार्च (वार्ता) हम आईपीएल 2026 में दस भारतीय कप्तानों के साथ जा रहे हैं: उनमें से कुछ के पास साबित करने के लिए पॉइंट्स हैं, जबकि दूसरे अभी भी टी20 क्रिकेट में अपने शानदार साल की ऊंचाई पर हैं। यहां देखें कि पिछले साल के आईपीएल के […]

You May Like