
पेरिस 10 सितंबर (वार्ता) फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने रक्षा मंत्री सेबेस्टियन लेकोर्नू को प्रधानमंत्री नियुक्त किया है और उन्हें विभाजित संसद में आम सहमति बनाने और 2026 का बजट पारित कराने का चुनौतीपूर्ण कार्य सौंपा है।
सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार इससे पहले सोमवार को प्रधानमंत्री फ़्रांस्वा बायरू ने अपना इस्तीफ़ा दे दिया, जिसे मैक्रों ने स्वीकार कर लिया। बायरु को केवल नौ महीने के कार्यकाल के बाद ही पद से हटा दिया गया।
रिपोर्ट के अनुसार श्री बायरु ने विश्वास मत से पहले सांसदों को चेतावनी दी कि उन्हें हटाने से देश की समस्याओं का समाधान नहीं होगा। उन्होंने कहा, “आपके पास सरकार गिराने की शक्ति है, लेकिन वास्तविकता को मिटाने की शक्ति नहीं है।”
उन्होंने कहा “वास्तविकता बेरहम बनी रहेगी: खर्चे बढ़ते रहेंगे और पहले से ही असहनीय कर्ज़ का बोझ और भी भारी और महंगा होता जाएगा।”
श्री लेकोर्नु के सामने फ्रांस को वित्तीय संकट से उबारने के साथ-साथ बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शनों के लिए तैयार सरकार का नेतृत्व करने की दोहरी चुनौती है। बुधवार को राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन और राजमार्ग नाकेबंदी की योजना है, जिसके बाद 18 सितंबर को व्यापक यूनियन नेतृत्व वाली हड़ताल होगी।
फ्रांस के राष्ट्रपति कार्यालय ने कहा कि श्री मैक्रों ने श्री लेकोर्नु को “देश के लिए बजट पारित करने और आने वाले महीनों में लिए जाने वाले निर्णयों के लिए आवश्यक समझौते बनाने के उद्देश्य से संसद में प्रतिनिधित्व करने वाली राजनीतिक ताकतों से परामर्श करने” का काम सौंपा है।
