इंदौर: खजराना पुलिस ने चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर घटना का पर्दाफाश कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 2.30 लाख रुपए की 15 बैटरियां और एक मोटरसाइकिल बरामद की है.भवानी नगर बाणगंगा में रहने वाले संदीप सोलंकी ने शनिवार 18 अप्रैल को शिकायत दर्ज कराई थी कि बुधवार 15 अप्रैल की शाम उसने अपनी ई रिक्शा नाहरशाह वली दरगाह ग्राउंड पर खड़ी की थी.
लौटने पर वाहन से बैटरियां व अन्य सामान गायब मिले. मामले में खजराना थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की गई. जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर सूचना के आधार पर स्टार चौराहे के पास स्कीम नंबर 134 क्षेत्र में दबिश दी. यहां से पुलिस ने घेराबंदी कर ममता कॉलोनी में रहने वाले 28 वर्षीय अल्ताफ और सिल्वर कॉलोनी में रहने वाले 27 वर्षीय साबिर को पकड़ा. दोनों पुलिस को देखकर भागने की कोशिश कर रहे थे.
टाइल्स लगाने का करते हैं काम
थाना प्रभारी मनोज सिंह सेंधव ने बताया कि आरोपियों का कहना है कि वे शौक पूरे करने और जल्दी पैसा कमाने के लिए चोरी करते थे. दोनों टाइल्स का काम करते हैं और आठवीं तक पढ़े हैं. पुलिस ने आरोपियों से 15 बैटरियां जब्त की है. फिलहाल पुलिस आरोपियों से अन्य चोरी और वाहन चोरी की वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है.
