इंदौर:नवलखा चौराहे के पास एक युवती के साथ सरेआम मारपीट और सड़क पर घसीटने की घटना सामने आई है. घटना का वीडियो वायरल होने के बाद भंवरकुआ पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया. विवाद पैसों के लेन-देन को लेकर बताया जा रहा है.मयूर नगर, मुसाखेड़ी में रहने वाली 28 वर्षीय सीमा चौहान ने पुलिस को बताया कि आरोपी राहुल से उसका पैसों को लेकर विवाद चल रहा था.
इसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी हुई और आरोपी ने गाली गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी. आरोप है कि उसने युवती को सड़क पर घसीटते हुए हमला किया. घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर युवती को बचाया और पुलिस को सूचना दी. इसके बाद पीड़िता को थाने पहुंचाया, जहां उसकी शिकायत दर्ज की गई.
पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई शुरू की. मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी संतोष दूधी ने टीम गठित कर आरोपी की तलाश करवाई. संतोष दूधी का कहना है कि पुलिस ने तकनीकी आधार पर आरोपी के मोबाइल की लोकेशन ट्रेस कर उसे गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में आरोपी ने अपने कृत्य को स्वीकार करते हुए माफी मांगी है. फिलहाल उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है.
