जबलपुर की वायु सेवाओं का हो विस्तार, राज्यसभा सांसद से मिला संघर्ष समिति प्रतिनिधिमंडल

जबलपुर: जबलपुर एवं महाकौशल क्षेत्र की वायु सेवाओं के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण की मांग को लेकर जबलपुर संघर्ष समिति के एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्यसभा सांसद श्रीमती सुमित्रा बाल्मीकि को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने जबलपुर की वर्तमान वायु सेवाओं की स्थिति, यात्रियों की बढ़ती आवश्यकताओं तथा क्षेत्र के आर्थिक, औद्योगिक, शैक्षणिक एवं पर्यटन विकास की दृष्टि से वायु संपर्क को और अधिक सुदृढ़ बनाने की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा की।

जबलपुर संघर्ष समिति के संयोजक हिमांशु खरे ने बताया कि समिति द्वारा हाल ही में आयोजित बैठक में यह सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया था कि जबलपुर से मुंबई एवं बंगलुरू के लिए विमान सेवाओं का संचालन प्रतिदिन किया जाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इन दोनों महानगरों के लिए नियमित दैनिक उड़ानें व्यापार, उद्योग, निवेश, शिक्षा, चिकित्सा एवं पर्यटन क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

उन्होंने बताया कि हाल ही में इंडिगो एयरलाइंस के शीर्ष प्रबंधन के साथ आयोजित वर्चुअल बैठक में भी जबलपुर से मुंबई एवं बंगलुरू की उड़ानों को प्रतिदिन संचालित करने तथा जबलपुर-मुंबई उड़ान को पूर्व की भांति नवी मुंबई के स्थान पर मुंबई के मुख्य हवाई अड्डे से संचालित करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई थी। इंडिगो प्रबंधन द्वारा इन मांगों पर सकारात्मक विचार कर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।

समिति के अरुण पवार, गीता शरत तिवारी, प्रीति चौधरी, मनु तिवारी, अंजना तिवारी, पी एस राजपूत ने ज्ञापन में यह भी मांग की कि जबलपुर को पुणे, अहमदाबाद, कोलकाता, चेन्नई सहित देश के अन्य प्रमुख औद्योगिक एवं व्यापारिक शहरों से सीधी विमान सेवाओं के माध्यम से जोड़ा जाए। समिति का मानना है कि मध्य भारत के एक प्रमुख औद्योगिक, व्यापारिक, शैक्षणिक एवं पर्यटन केंद्र के रूप में जबलपुर को व्यापक वायु संपर्क उपलब्ध कराना समय की आवश्यकता है। जबलपुर संघर्ष समिति के प्रतिनिधिमंडल ने राज्यसभा सांसद श्रीमती सुमित्रा बाल्मीकि से अनुरोध किया कि वे नागरिक उड्डयन मंत्रालय, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण एवं संबंधित विमानन कंपनियों के समक्ष इन मांगों को प्राथमिकता के साथ उठाकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराने पहल करें।

Next Post

अवैध कॉलोनी काट बेच डाले 151 प्लॉट, बिल्डर के खिलाफ एफआईआर दर्ज

Sat Jul 4 , 2026
जबलपुर:पाटन में बिल्डर ने अवैध रूप से बिना किसी अनुमति के कृषि भूमि पर कॉलोनी काटी और टाउन एंड कंट्री प्लानिंग, रेरा और डायवर्शन की अनुमतियों को ताक पर रखकर 151 से अधिक भूखंड (प्लॉट) बेच डाले। इस फर्जीवाड़े से जहां एक तरफ सरकार को लाखों रुपये के राजस्व की […]

You May Like