


रायसेन/मंडीदीप। गौहरगंज में छह वर्ष की मासूम से दुष्कर्म की घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी सलमान, जिसे स्थानीय लोग उसकी चालाकियों के चलते राजा सलमान कहकर चर्चाओं में ले आए, लगातार तीन दिनों तक गौहरगंज के घने जंगलों में पुलिस से बचता घूमता रहा। भोपाल से लेकर देवास और इंदौर की पुलिस उसकी सड़कों पर तलाश कर रही थी, लेकिन वह रात के अंधेरे का फायदा उठाकर रायसेन के जंगलों से निकलते हुए भोपाल जिले की सीमा तक पहुंच गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार घटना के बाद 21 नवंबर की देर रात सलमान गौहरगंज की एक दुकान तक पहुंचा और सिगरेट खरीदी, लेकिन स्थानीय लोगों को आता देख तुरंत भाग गया। अगले दिन वह भोपाल भागने की फिराक में था, लेकिन पुलिस और ग्रामीणों की सक्रिय तलाश के चलते उसे बाहर निकलने का मौका नहीं मिला।
इसी दबाव में सलमान लगातार तीन दिनों तक गौहरगंज के जंगलों में छिपा रहा, जहां से वह रायसेन के रास्तों का उपयोग कर रात के अंधेरे में भोपाल जिले की सीमा में पहुंच गया। उधर, शहर की सड़कों पर भोपाल,सीहोर,देवास और इंदौर की पुलिस उसकी तलाश में जुटी रही, लेकिन सलमान जंगलों के रास्ते लगातार अपनी लोकेशन बदलकर बचता रहा।
रास्ते में शॉर्ट एनकाउंटर
पकड़े जाने के बाद जब पुलिस उसकी गिरफ्त में लेकर आ रही थी, तभी भोजपुर के पास कीरत नगर में पुलिस का वाहन पंक्चर हो गया। अंधेरा होने का फायदा उठाकर सलमान ने पुलिस की राइफल छीनकर भागने की कोशिश की और फायरिंग भी की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली उसके पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया।
इसके बाद उसे पकड़कर भोपाल के हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
