सीहोर। गुरुवार को आईएएस संतोष वर्मा के एक बयान के विरोध में सर्व ब्राह्मण समाज ने प्रदर्शन किया. समाज ने मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में समाज ने संतोष वर्मा को तत्काल पद से बर्खास्त करने और आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग की है. गुरुवार को सुबह शहर के खजांची लाइन स्थित सर्व ब्राह्मण समाज धर्मशाला में अध्यक्ष दीपक शर्मा के आह्वान पर विप्रजन उपस्थित हुए, इसके पश्चात कलेक्ट्रेट पहुंचकर ज्ञापन सौंपकर तत्काल मामला दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने चेतवानी दी है कि अगर शीघ्र ही काईवाई नहीं की तो पुतला दहन के अलावा उग्र प्रदर्शन पूरे देश में किया जाएगा. अध्यक्ष दीपक शर्मा ने कहा कि आईएएस संतोष वर्मा का बयान उनकी ओछी मानसिकता को दर्शाता है. उन्होंने अजाक्स के सार्वजनिक मंच से ब्राह्मण बेटियों के खिलाफ जो बयान दिया, वह घोर निंदनीय है. संतोष वर्मा अपने कार्यकाल के दौरान हमेशा विवादों में रहे हैं. उनके खिलाफ दो आपराधिक मामले दर्ज हैं. उन्होंने पदोन्नति पाने विशेष न्यायाधीश के फर्जी हस्ताक्षर कर पदोन्नति ली थी, जिसके बाद उन्हें निलंबित भी किया गया था. ऐसे अधिकारी को तुरंत निलंबित कर सख्त कार्रवाई करना चाहिए. ब्राह्मण समाज के लोगों ने सरकार को चेतावनी दी है कि यदि आईएएस संतोष वर्मा के खिलाफ जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो विप्र समाज उग्र आंदोलन करेगा.
