इंदौर: गुरुवार शाम यात्रियों को उस समय भारी परेशानी का सामना करना पड़ा, जब अम्बेडकर नगर–पटना स्पेशल ट्रेन (गाड़ी संख्या 09343) अपने निर्धारित समय से पहले ही स्टेशन से रवाना हो गई. शाम 6 बजे प्रस्थान करने वाली इस ट्रेन के अचानक समय से पहले निकल जाने के कारण कई यात्री प्लेटफॉर्म तक नहीं पहुंच पाए और उनकी यात्रा छूट गई.
यात्रियों ने स्टेशन पर हंगामे के बीच रेलवे अधिकारियों से शिकायत की, जिसके बाद मामला रतलाम मंडल तक पहुंचा. इस संबंध में जब जनसंपर्क अधिकारी, रतलाम मंडल, खेमराज मीना से बात की गई तो उन्होंने स्पष्ट किया कि ट्रेन के समय में हुए बदलाव की सूचना विभाग द्वारा पहले ही जारी कर दे दी गई थी. उन्होंने बताया कि ट्रेन का समय 27 नवंबर से आंशिक रूप से संशोधित किया गया है और यह परिवर्तन सुचारू व सुरक्षित परिचालन सुनिश्चित करने के लिए किया गया है.
इसकी सूचना पहले ही दी जा चुकी थी. जिसके तहत डॉ. अम्बेडकर नगर पटना स्पेशल ट्रेन अब शाम 18.00 बजे अम्बेडकर नगर से प्रस्थान करेगी. रतलाम मंडल के स्टेशनों पर इसके नए समय इस प्रकार हैं. इंदौर (18.30/18.40), फतेहाबाद-चंद्रावतीगंज (19.18/19.20), उज्जैन (19.50/20.00) और मक्सी (20.35/20.37). रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे यात्रा से पहले रेल मदद ऐप या हेल्पलाइन नंबर 139 के माध्यम से समय की नवीनतम जानकारी अवश्य चेक करें.
