इंडेक्स मेडिकल कॉलेज पर ईडी की रेड, अकाउंट सेक्शन सील, मान्यता घोटाले की परतें खुलीं

इंदौर. मेडिकल कॉलेज मान्यता स्कैम की धनशोधन जांच में ईडी ने गुरुवार सुबह इंदौर के इंडेक्स मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अकाउंट सेक्शन को सील कर दिया. टीम सुबह से परिसर में मौजूद है और वित्तीय रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं.

प्रवर्तन निदेशालय ने गुरुवार को इंदौर के इंडेक्स मेडिकल कॉलेज में छापेमार कार्रवाई शुरू की. ईडी की टीम सीधे अकाउंट विभाग पहुंची और वहां मौजूद सभी वित्तीय दस्तावेजों को कब्जे में लेते हुए पूरे सेक्शन को सील कर दिया. कॉलेज के स्टाफ को भी बाहर कर दिया गया, जबकि परिसर के अंदर जांच दल की आवाजाही बढ़ा दी गई है. सूत्रों के अनुसार ईडी को कॉलेज के वित्तीय लेन-देन और मान्यता प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं, जिनकी पुष्टि के लिए यह कार्रवाई की गई. इसी कॉलेज से जुड़ी मान्यता प्रक्रिया पर पहले भी सवाल उठते रहे हैं. सीबीआई की प्रारंभिक जांच में सामने आया था कि मेडिकल निरीक्षण को प्रभावित करने के लिए रसूख और पैसों का इस्तेमाल किया. इसी मामले में तीन डॉक्टरों सहित छह लोगों की गिरफ्तारी की गई थी. जांच एजेंसियों के मुताबिक मान्यता रिपोर्ट अनुकूल कराने के लिए हवाला के माध्यम से बड़ी रकम का लेन-देन हुआ था. सूत्रों का कहना है कि जांच में यह भी सामने आया कि कॉलेजों की मान्यता दिलाने के लिए दलालों और कॉलेज प्रबंधन के बीच एक नेटवर्क सक्रिय था. आरोप है कि इंडेक्स मेडिकल कॉलेज की फाइलें भी इसी चैनल से गुजरती थीं, जहां हर निरीक्षण के बदले भारी रकम देने की डील तय की जाती थी. कॉलेज के वित्तीय लेन-देन और कई संदिग्ध भुगतानों का रिकॉर्ड ईडी ने प्राथमिक जांच में चिन्हित किया था, जिसके आधार पर गुरुवार की कार्रवाई की गई है.

15 स्थानों पर ईडी कर रही सर्च …

सूत्रों का कहना है कि ईडी ने इसी केस से जुड़े दस्तावेजों की पुष्टि के लिए देशभर में करीब 15 स्थानों पर भी सर्च की है, जबकि सीबीआई पिछले महीनों में छह राज्यों में 40 से अधिक ठिकानों पर रेड कर चुकी है. दोनों एजेंसियों को इन कार्रवाइयों से डिजिटल और दस्तावेजी साक्ष्यों की बड़ी मात्रा मिली है, जिनसे मान्यता घोटाले की पूरी चेन स्पष्ट हो रही है. ईडी की टीम देर शाम तक इंडेक्स मेडिकल कॉलेज में ही मौजूद रही और दस्तावेजों की जांच जारी है.

Next Post

युवा कांग्रेस का चुनाव आयोग कार्यालय पर प्रदर्शन, लाठीचार्ज-वाटर कैनन के बीच कई शीर्ष नेता गिरफ्तार

Thu Nov 27 , 2025
भोपाल। एसआईआर के विरोध में आज राजधानी भोपाल में युवा कांग्रेस ने भारत निर्वाचन आयोग के राज्य कार्यालय का घेराव किया। सुबह से ही प्रदेश भर के विभिन्न जिलों, विधानसभा क्षेत्रों और ब्लॉकों से हजारों की संख्या में युवा पदाधिकारी और कार्यकर्ता भोपाल पहुंचे, जहां उन्होंने एसआईआर को लोकतांत्रिक प्रक्रिया […]

You May Like