
छिंदवाड़ा। अमरवाड़ा-नरसिंहपुर हाईवे पर शनिवार को हुए सड़क हादसे में बाइक सवार 22 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा सुरलाखापा के पास बाघदेव घाटी में हुआ। बताया जाता है कि युवक की बाइक को किसी अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में उसके सिर में गंभीर चोट आई, जिसके चलते उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान बारातमारी निवासी रंजीत यादव पिता राजेश यादव 22 वर्ष के रूप में हुई है। रंजीत मोटरसाइकिल से अमरवाड़ा की ओर जा रहा था। इसी दौरान बाघदेव घाटी के पास उसकी बाइक किसी वाहन की चपेट में आ गई। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। हादसे को लेकर प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि किसी वाहन ने रंजीत की बाइक को टक्कर मारी थी। हालांकि, टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। हर्रई टीआई मनोज बघेल के मुताबिक, हादसे में बाइक सवार युवक की जान गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और अज्ञात वाहन का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
पहले भी हो चुके हैं हादसे ००००
बाघदेव घाटी अमरवाड़ा-नरसिंहपुर हाईवे का ऐसा हिस्सा है, जहां पहले भी सड़क हादसे हो चुके हैं। ताजा घटना के बाद एक बार फिर इस मार्ग पर वाहन चालकों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
