भोपाल: नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने राज्य में हो रही बड़े पैमाने पर संगठित GST चोरी को लेकर केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को पत्र लिखा है। सिंघार ने इस मामले में केंद्रीय स्तर पर निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने पत्र की प्रतियाँ केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क बोर्ड (CBIC) और मध्यप्रदेश के वित्त मंत्री को भी भेजी हैं।
सिंघार ने उल्लेख किया कि गुजरात, महाराष्ट्र और दक्षिण भारत से आयरन, निर्माण सामग्री और मसालों का परिवहन बिना वैध कर भुगतान के किया जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि यह पूरा खेल फर्जी ई वे बिल और अंडर-इनवॉइसिंग के जरिए बिचौलियों और परिवहन नेटवर्क के मेलजोल से चल रहा है। नेता प्रतिपक्ष के अनुसार, इस संगठित नेटवर्क के कारण केंद्र और राज्य सरकार को प्रतिवर्ष हजारों करोड़ रुपये के राजस्व की हानि हो रही है। उन्होंने इस विषय में पुख्ता प्रमाण होने का दावा करते हुए गहन पड़ताल का आग्रह किया है।
