यूक्रेन शांति योजना पर कलास के साथ द्विपक्षीय वार्ता नहीं करेंगे रुबियो

मॉस्को, 25 नवंबर (वार्ता/स्पुतनिक) अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने यूरोपीय संघ की विदेश नीति प्रमुख काजा कलास के साथ यूक्रेन पर द्विपक्षीय वार्ता करने से इनकार कर दिया है।

द पोलिटिको अखबार में प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, यह फ़ैसला सुश्री कलास और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के प्रशासन के बीच तनाव के कारण लिया गया है।रिपोर्ट में एक सूत्र के हवाले से कहा गया कि सुश्री कलास यूरोपीय संघ के सदस्य देशों के प्रति ‘सख़्त रुख़’ अपना रही थीं। इस वजह से यूरोप-समर्थक विचारधारा वाले श्री रूबियो ने भी द्विपक्षीय वार्ता से इनकार कर दिया है।

उल्लेखनीय है कि अमेरिका पिछले एक हफ्ते से यूक्रेन के लिए एक नया शांति प्रस्ताव आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहा है। इसी सिलसिले में उसने रविवार को यूक्रेन से बातचीत के लिए वार्ताकारों को जिनेवा भी भेजा था। शुरुआती दौर में 28 बिंदुओं की शांति योजना को 19 बिंदुओं का किया गया। इस प्रक्रिया में यूक्रेनी सेना को घटाने, अमेरिकी सैन्य सहायता को कम करने और यूक्रेन में विदेशी सेना पर प्रतिबंध लगाने जैसे कुछ प्रस्तावों को वापिस भी लिया गया। शुरुआती शांति योजना में यह प्रस्ताव भी रखा गया था कि क्रीमिया और डोनबास क्षेत्र की पहचान रूसी इलाकों के तौर पर की जाए, लेकिन बाद में यह प्रस्ताव वापस ले लिया गया।

इससे पूर्व अमेरिकी मीडिया ने बताया कि देश के सेना सचिव डैनियल ड्रिस्कॉल मंगलवार को अबू धाबी में रूसी अधिकारियों से मिलकर नए प्लान पर चर्चा करेंगे। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने 21 नवंबर को कहा था कि ट्रम्प की नयी शांति योजना यूक्रेन पर अंतिम समाधान के लिए आधार बन सकती है।

 

 

 

Next Post

यूक्रेन की सीमा से लगे रोमानिया के वायु क्षेत्र में दो अनधिकृत यूएवी प्रवेश की घटनाएं

Tue Nov 25 , 2025
बुखारेस्ट, 25 नवंबर (वार्ता) रोमानिया के रक्षा मंत्रालय ने मंगलवार की सुबह डेन्यूब नदी से लगती यूक्रेन की सीमा के पास देश के वायुक्षेत्र का उल्लंघन करने वाले मानवरहित हवाई वाहनों (यूएवी) की दो घटनाओं की सूचना दी है। साथ ही, स्थिति की निगरानी के लिए चार ‘यूरोफाइटर टाइफून’ और […]

You May Like