जबलपुर: कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी राघवेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के साथ फोटोयुक्त मतदाता सूची पर स्टैंडिंग कमेटी की बैठक आयोजित हुई। बैठक में वर्ष 2025 के पुनरीक्षण कार्य के बाद जारी अंतिम मतदाता सूचियां दलों को प्रदान की गईं। उपजिला निर्वाचन अधिकारी ज्योति परस्ते ने बताया कि जिले की कुल 527 पंचायतों में से 148 पंचायतों में जून 2025 के उपनिर्वाचन हेतु पूर्व में ही सूची प्रकाशित की जा चुकी थी, जबकि शेष 379 पंचायतों की अंतिम सूची अब जारी की गई है। साथ ही जिले के 9 नगरीय निकायों के 202 वार्डों की अंतिम मतदाता सूची भी प्रकाशित की गई।
यहां हैं इतने मतदाता
जिले के 1472 ग्रामीण मतदान केन्द्रों में मतदाताओं की संख्या 8, 23, 524 हो चुकी है, जिसमें 4,17, 171 पुरुष और 4, 06, 323 महिला मतदाता हैं। वहीं 1364 नगरीय मतदान केन्द्रों में कुल मतदाता संख्या 11, 17, 068 है, जिनमें 5,63,287 पुरुष और 5, 53, 701 महिलाएं शामिल हैं। बैठक में भाजपा से जी.एस. ठाकुर, कांग्रेस से रुक्मणि गोटिया, फिरोज ठाकरे व एडवोकेट श्यामसुन्दर यादव तथा बसपा से एडवोकेट दिनेश कुशवाहा उपस्थित रहे।
