शिवपुरी: जिले के रन्नौद थाना क्षेत्र के अकाझिरी गांव से भाजपा कार्यकर्ता रिंकू जैन उर्फ दिनेश जैन पिछले नौ दिनों से लापता हैं। वह आखिरी बार 15 नवंबर की सुबह अपने साथी सोनू कुशवाह की बाइक पर घर से निकले थे। शाम तक घर न लौटने और उनका फोन लगातार बंद मिलने के बाद परिजनों ने चिंता व्यक्त की है। सूचनाकर्ता धर्मेंद्र जैन ने पुलिस को बताया कि रिंकू सुबह घर से निकले थे और सोनू कुशवाह की बाइक पर गए थे।
जब वे देर शाम तक नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनसे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उनका फोन बंद मिला। सोनू कुशवाह ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने रिंकू को अपने घर के पास उतार दिया था, जिसके बाद उन्हें रिंकू के बारे में कोई जानकारी नहीं है। परिजनों ने रिंकू की तलाश रिश्तेदारों, परिचितों और आसपास के गांवों में की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। परिवार अब उनकी सुरक्षा को लेकर बेहद चिंतित है। मामले की सूचना मिलने पर रन्नौद थाना पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर ली है।
