गुवाहाटी, 21 नवम्बर (वार्ता) भारत के टेस्ट कप्तान शुभमन गिल गुवाहाटी में शनिवार से दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट से बाहर हो गए हैं। कोलकाता टेस्ट के दौरान गिल को गर्दन में चोट लगी थी और वह पूरे मैच से बाहर हो गए थे।
भारत के उपकप्तान ऋषभ पंत इस मैच में भारतीय टीम के कप्तान होंगे। कोलकाता में गिल के मैदान छोड़ने के बाद भी पंत ने कप्तानी की थी, लेकिन औपचारिक तौर पर कप्तान के रूप में यह उनका पहला टेस्ट मैच होगा।
कोलकाता के एक अस्पताल की निगरानी में कुछ समय बिताने के बाद गिल 19 नवंबर को गुवाहाटी पहुंचे थे, लेकिन अब यह तय हो गया है कि वह मैच में हिस्सा नहीं लेंगे। शुक्रवार सुबह बीसीसीआई द्वारा जारी बयान के अनुसार गिल अपनी चोट की आगे की जांच के लिए मुंबई जाएंगे।
ईएसपीएन क्रिकइंफो ने गुरुवार को ही यह बताया था कि गिल अगर इतनी जल्दी खेलते हैं तो उन्हें दोबारा गर्दन में खिंचाव का खतरा है। इसलिए उन्हें और आराम की सलाह दी गई है। यह स्थिति दक्षिण अफ्रीका के ख़िलाफ़ 30 नवंबर से शुरू होने वाले तीन वनडे मैचों में उनकी चयन संभावना पर भी असर डाल सकती है। उस सीरीज की टीम 23 नवंबर को चुनी जाने की उम्मीद है।
गिल का कोई रिप्लेसमेंट नामित नहीं किया गया है, जिसका मतलब है कि साई सुदर्शन, देवदत्त पड़िक्कल और नीतीश कुमार रेड्डी में से से कोई एक गिल की जगह लेगा। हालांकि टीम संतुलन को देखते हुए इनमें से किसी दो को भी जगह मिल सकती है।
