
मढ़ई। पर्यटकों का सफर आसान बनाने के लिए एवं उन्हें त्वरित गति से मढ़ई एवं पचमढ़ी जैसे पर्यटन स्थलों पर त्वरित गति से पहुंचाने के लिए आज पीएम श्री हेलीकॉप्टर वायु सेवा का प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मढ़ई में शुभारंभ हुआ। इस शुभारंभ से अब पर्यटकों के लिए भोपाल से मढई एवं पचमढ़ी तक का सफर आसान हो गया है। पर्यटक मात्र 1 घंटे में भोपाल से पर्यटन स्थल मढ़ई व पचमढ़ी पहुंच सकेंगे।
आज पीएम श्री हेलीकॉप्टर भोपाल से मढ़ई पहुंचा। सांसद दर्शन सिंह चौधरी स्वयं भोपाल से हेलीकॉप्टर में बैठकर मढ़ई पहुंचे यहां विधायक गणों एवं राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया एवं अपार जनसमूह एवं जनप्रतिनिधि तथा प्रशासनिक अधिकारियों ने पीएम श्री हेलीकॉप्टर का स्वागत किया।
पीएम श्री हेलीकॉप्टर को हरी झंडी दिखाकर दोपहर मढ़ई से पचमढ़ी के लिए रवाना किया गया। रवानगी के दौरान सांसद दर्शन सिंह चौधरी, राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया, सोहागपुर विधायक विजयपाल सिंह, पिपरिया विधायक ठाकुरदास नागवंशी एवं श्रीमती प्रीति शुक्ला हेलीकॉप्टर में बैठकर पचमढ़ी के लिए रवाना हुए। पचमढ़ी में पीएम श्री हेलीकॉप्टर का भव्य स्वागत किया गया ।
मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा 3 सेक्टर में किया जाएगा सेवा का संचालन
पीएम श्री हेलीकॉप्टर सेवा मध्य प्रदेश में पर्यटन विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, इस वायु सेवा का मुख्य उद्देश्य पर्यटकों को आध्यात्मिक, प्राकृतिक, वन्य जीव और वैलनेस आधारित सभी प्रमुख पर्यटन स्थलों की तेज और सुगम हवाई सेवा प्रदान करना है।
