छतरपुर। सर्दी के मौसम की शुरुआत के साथ ही छतरपुर जिले के बाजार तिल, गुड़ और मूंगफली से बने स्वास्थ्यवर्धक फूड आइटमों से सज गए हैं। तिल लड्डू, तिल पापड़ी, गुड़ पापड़ी, पिंड खजूर, लाई पट्टी और मूंगफली जैसे पारंपरिक खाद्य पदार्थ बड़ी मात्रा में बिक रहे हैं। ये सभी गेंहू और तेल की तुलना में अधिक गर्म तासीर वाले और आयरन से भरपूर माने जाते हैं, जिस कारण लोग सर्दियों में इन्हें खासतौर पर पसंद करते हैं।
बाजारों में तिल से बने उत्पादों की विशेष मांग देखी जा रही है। तिल की रियुड़ी और तिल चौड़ी छोटे-छोटे 20 रुपये वाले पैकेटों में खूब बिक रही हैं। गुड़ और तिल का यह संयोजन शरीर को गर्म रखने के साथ स्वाद भी बढ़ाता है।
इसके अलावा मूंगफली गुड़ पापड़ी की बिक्री भी तेजी पर है। ठंड के दिनों में लोगों का गुड़ खाने की ओर रुझान बढ़ जाता है, जिसके चलते मूंगफली के स्वाद के साथ गुड़ की मिठास वाली यह पापड़ी बेहद पसंद की जा रही है। बाजार में 250 ग्राम मूंगफली गुड़ पापड़ी 30 रुपये में उपलब्ध है।
सर्दियों के लिए खास ये पारंपरिक खाद्य पदार्थ न सिर्फ स्वादिष्ट हैं, बल्कि सेहत के लिए भी किसी टॉनिक से कम नहीं माने जाते।
