कश्मीर में ईओडब्ल्यू ने रिकॉर्ड से छेड़छाड़ मामले में कैट कर्मचारी समेत पांच लोगों के खिलाफ आरोपपत्र दायर किया

श्रीनगर, 19 नवंबर (वार्ता) जम्मू-कश्मीर पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा(ईओडब्ल्यू) ने सेवा नियमितीकरण के लिए रिकॉर्ड से कथित छेड़छाड़ से जुड़े 2022 के मामले में केंद्रीय प्रशासनिक न्यायाधिकरण (कैट) के एक कर्मचारी समेत पांच लोगों के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया है।

ईओडब्ल्यू के सूत्रों ने बुधवार को बताया कि आरोप पत्र श्रीनगर के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत के समक्ष भारतीय दंड संहिता की धारा 209, 409, 420, 467, 468, 471 और 120-बी के तहत प्राथमिकी संख्या 87/2022 में पेश किया गया। पठान मजीद अहमद खान, मुश्ताक अहमद राथर, मुदासिर यूसुफ वानी, गुलाम मोहम्मद रेशी, बशीर अहमद डार सहित छह लोगों के खिलाफ आरोप पत्र प्रस्तुत किया गया है। ये सभी केंद्र शासित प्रदेश में सोपोर उपजिले के निवासी हैं। वहीं, अनूप मिश्रा उत्तर प्रदेश के प्रयागराज का निवासी है।

उन्होंने बताया कि यह मामला मुख्य बागवानी अधिकारी के कार्यालय द्वारा कैट के समक्ष प्रस्तुत आधिकारिक दस्तावेजों में संदिग्ध छेड़छाड़ को उजागर करने वाले एक पत्र से उत्पन्न हुआ था। तदनुसार, एक औपचारिक मामला दर्ज किया गया और जाँच शुरू की गई। जाँच के दौरान यह स्थापित हुआ कि कैट श्रीनगर के समक्ष प्रस्तुत अभिलेखों में उसकी अभिरक्षा में रहते हुए अवैध रूप से फेरबदल किया गया था।

उन्होंने बताया कि मुख्य आरोपी मजीद ने कैट कर्मचारी अनूप मिश्रा और अन्य लाभार्थी कर्मचारियों के साथ आपराधिक साजिश के तहत बागवानी विभाग में उनके नियमितीकरण से संबंधित अभिलेखों में अनधिकृत प्रविष्टियां कीं। जांचकर्ताओं ने मजीद के आवास से निदेशक बागवानी, प्रखंड विकास अधिकारी (बीडीओ), तहसीलदार, क्षेत्रीय शिक्षा अधिकारी (जेडईओ), प्रधानाचार्यों, प्रधानाध्यापकों आदि सहित विभिन्न विभागों और संस्थानों की कम से कम बारह आधिकारिक मुहरें भी बरामद कीं। ईओडब्ल्यू ने कहा कि कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और व्हाट्सएप संचार से कैट कर्मचारी मिश्रा द्वारा रची गयी साजिश और आपराधिक विश्वासघात की पुष्टि हुई है।

 

 

 

Next Post

पाकिस्तान ने जिम्बाब्वे को पांच विकेट से हराया

Wed Nov 19 , 2025
रावलपिंडी, 19 नवंबर (वार्ता) ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ मोहम्मद नवाज (दो विकेट और नाबाद 22 रन) और फखर जमान (44) के शानदार प्रदर्शन के दम पर पाकिस्तान ने टी-20 मैचों की त्रिकोणीय श्रृंखला के रोमांचक मुकाबले में जिम्बाब्वे को चार गेंदे शेष रहते पांच विकेट से हरा दिया। जिम्बाब्वे के […]

You May Like