इंदौर: बापाट चौराहे क्षेत्र में रहने वाली 21 वर्षीय युवती को इंस्टाग्राम पर बने परिचय के बाद युवक द्वारा पीछा करने, शादी रुकवाने की धमकी देने और जबरन हाथ पकड़कर डराने का मामला सामने आया है. हीरानगर पुलिस ने शिकायत पर गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरु की.हीरानगर थाना क्षेत्र में रहने वाली 21 वर्षीय युवती ने पुलिस को बताया कि उसकी पहचान 23 वर्षीय भारत सेन, निवासी ग्राम पालिया, उज्जैन रोड, से इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी.
बातचीत शुरू होने के बाद भारत कई बार उस दुकान पर भी आने लगा, जहां वह काम करती है. पीड़िता ने पुलिस को बताया कि करीब डेढ़ महीने पहले उसने उससे बात करना बंद कर दिया, क्योंकि उसके घर विवाह की चर्चा चल रही थी. यह जानकारी युवक को मिलते ही वह लगातार युवती का पीछा करने लगा. उसे जबरन बातचीत के लिए दबाव डालने के साथ शादी करने के लिए मजबूर करने लगा.
आरोप है कि भारत ने धमकी दी कि वह उसकी शादी कहीं और नहीं होने देगा और यदि उसने किसी और जगह विवाह किया तो उसे जान से मार देगा. युवती ने यह भी बताया कि भारत ने बुरी नीयत से उसका हाथ पकड़कर उसे डराने की कोशिश की और उसकी तय हुई शादी के बारे में सब बताने की धमकी भी दी. शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज करते हुए आरोपियों की तलाश शुरु की.
