इंदौर:सोशल मीडिया पर फिल्मी स्टाइल में चाकू लहराते हुए वीडियो बनाना एक युवक को भारी पड़ गया. हीरानगर थाना क्षेत्र के बजरंग नगर निवासी मोहित उर्फ भूरा रघुवंशी ने खुद को फिल्म पुष्पा के अंदाज़ में पेश करते हुए चाकू लहराने का वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. वीडियो पुलिस तक पहुंचा, तो युवक को तलाश कर हिरासत में लिया. पकड़े जाने से पहले उसने भागने की कोशिश की, लेकिन दौड़ते समय गिरने से उसका हाथ फ्रैक्चर हो गया.
हीरानगर थाना प्रभारी पीएल शर्मा ने बताया कि करीब 9 दिन पहले वायरल हुए इस वीडियो में मोहित चाकू लहराते हुए नजर आ रहा था. जांच में सामने आया कि आरोपी बजरंग नगर में रहता है. इसके बाद पुलिस ने उसकी धरपकड़ शुरू की. जब पुलिस टीम उसे पकड़ने पहुंची, तो मोहित ने दौड़ लगा दी. पीछा करते हुए पुलिसकर्मी भी पीछे भागे और कुछ दूरी पर आरोपी लड़खड़ाकर गिर गया, जिससे उसका हाथ टूट गया.पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है.
