इंदौर:नगर निगम रिमूवल दस्ते ने आज दौलतगंज के तीन खतरनाक मकानों को हटाने की कार्रवाई की. निगम के रिमूवल दस्ता 5 मकानों पर कार्रवाई करने गया था, लेकिन दो मकान पर हाईकोर्ट का स्टे मिलने के कारण कार्रवाई नहीं की गई.नगर निगम ने आयुक्त दिलीप कुमार यादव के निर्देश पर शहर में खतरनाक मकानों को हटाने की कारवाई शुरू कर दी है.
इसका कारण जवाहर मार्ग पर दो महीने पहले बारिश के दौरान एक पांच मंजिला मकान गिर गया था, जिसमे दो लोगों की मृत्यु और पांच घायल हो गए थे. उक्त घटना को ध्यान में रखते हुए नगर निगम रिमूवल दस्ता आज रानीपुरा दौलतगंज के खतरनाक भवन हटाने पहुंचा. आज निगम रिमूवल दस्ते द्वारा पांच खतरनाक मकानों को तोड़ने की कार्रवाई की जाना थी, लेकिन तीन मकान ही हटाने की कार्रवाई की गई. दो मकानों पर हाईकोर्ट का स्टे आने से कार्रवाई नहीं हो सकी. कार्रवाई के दौरान भवन निरीक्षक जिशान अली और रिमूवल प्रभारी बबलू कल्याण मौजूद थे.
दो मकानों पर हाइकोर्ट का स्टे
झोन 11 के भवन अधिकारी गीतेश तिवारी ने बताया कि 2 मकानों पर हाईकोर्ट का स्टे होने के कारण कारवाई नहीं की है। 26 तारीख को हाईकोर्ट में सुनवाई है. निगम वहां अपना पक्ष रखेगा।
