मुंबई, 18 नवंबर (वार्ता) अभिनेत्री पारुल गुलाटी ने हाल ही में अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर जाकर अपनी आने वाली फिल्म किस किसको प्यार करूं 2 की रिलीज़ से पहले आशीर्वाद लिया।
पारुल गुलाटी अपनी अगली फिल्म ‘किस किसको प्यार करूं 2’ को लेकर काफी उत्साहित हैं। पारुल के लिए यह यात्रा एक भावनात्मक पल था जहां उन्होंने अपने अब तक के सफर के लिए वाहेगुरु का धन्यवाद किया।
पारूल ने अपनी यात्रा के बारे में बात करते हुए कहा, “स्वर्ण मंदिर हमेशा से मेरे दिल के बहुत करीब रहा है। यहाँ आते ही मुझे शांति और सादगी का एहसास होता है। मैं यहाँ वाहेगुरु का धन्यवाद करने आई थी। अपने काम, अपनी तरक्की और उन सभी खूबसूरत मौकों के लिए जो मेरे रास्ते में लगातार आते रहते हैं। इस यात्रा ने मुझे यह याद दिलाया कि जिंदगी आपको जहाँ भी ले जाए, ज़मीन से जुड़े रहना कितना ज़रूरी है।”
पारूल ने अपनी आने वाली फिल्म को लेकर उत्साह व्यक्त करते हुए कहा, “किस किसको प्यार करूं 2 मेरे लिए बहुत खास फिल्म है। कपिल शर्मा के साथ काम करना एक बेहद खुशी देने वाला और सीख से भरा अनुभव रहा। फिल्म में बहुत भावनाएँ हैं, और मैं चाहती हूँ कि दर्शक इसे जल्द से जल्द देखें। मैं इस नए सफर की शुरुआत वाहेगुरु के आशीर्वाद और सकारात्मक ऊर्जा के साथ करना चाहती थी।”

