शुक्र – ध्रुव तारे की रोशनी से जगमगाया पर्यटन ग्राम धूसावानी

छिंदवाड़ा. चांदनी रात में चमकते शुक्र ग्रह, ध्रुव तारे और विशाल आकाशगंगा को देखने का अविस्मरणीय अनुभव अब छिंदवाड़ा जिले के पर्यटन ग्राम धूसावानी में सुलभ हो गया है। क गुरूवार देर शाम से यहां अधिकारियों, ग्रामीणों ने चांद और सितारों से सजे आसमान में विभिन्न ग्रहों को देखा। इस पर्यटन ग्राम धूसावानी की नई पहचान अब एस्ट्रो विलेज के रूप में होगी। एस्ट्रो विलेज पर्यटन, विज्ञान और प्रकृति का अनूठा संगम है, जहाँ पर्यटक तेज प्रकाश, प्रदूषण से दूर स्वच्छ रात्रि आकाश में तारों, ग्रहों और आकाशगंगा के अद्भुत नजारे का अवलोकन एवं अनुभव प्राप्त कर सकेंगे। एस्ट्रो विलेज के शुभारंभ अवसर यह विचार रखते हुए कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने ग्रामीणों को गांव में स्वच्छता बनाए रखने सहित कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। इस मौके पर जिला पंचायत सीईओ अग्रिम कुमार ने भी अपने विचार रखे। स्टार गेजिंग इंडिया के एमडी श्री निशांत गौर ने इस पूरी परियोजना की जानकारी अतिथियों व ग्रामीणों को दी।

25 युवाओं को ट्रेनिंग, मिलेगा रोजगार ०००००

मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड द्वारा चयनित पर्यटन ग्राम धूसावानी और धगडिय़ा के 25 युवक व युवतियों का चयन स्टार गेजिंग एक्टिविटी के लिए हुआ है। इन युवाओं को 90 दिनों की ट्रेनिंग दी जा रही है, जिसमें उन्हें रात्रिकालीन आकाश, तारामंडलों और खगोलीय घटनाओं का ज्ञान व प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के बाद ये युवा कुशल एस्ट्रो गाइड के रूप में तैयार होंगे, जिससे उनके लिए स्थानीय स्तर पर ही रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

आधुनिक उपकरणों और अधोसंरचना का होगा विकास ००००००

पर्यटन ग्राम धूसावानी में पर्यटकों को तारों, ग्रहों एवं अन्य खगोलीय पिंडों के सुरक्षित, स्पष्ट एवं उत्कृष्ट अवलोकन का अनुभव कराने के लिए आधुनिक आधारभूत सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। वैज्ञानिक उपकरण के साथ गांवों में आधुनिक टेलिस्कोप, दूरबीन और एस्ट्रो-फोटोग्राफी कैमरे उपलब्ध कराए जा रहे हैं। पर्यटकों के लिए स्टार गेजिंग प्लेटफॉर्म, ऑब्जर्वेशन एरिया तथा खगोलीय घटनाओं को समझाने के लिए इंटरप्रिटेशन सेंटर का निर्माण किया जाएगा। इस तरह छिंदवाड़ा जिले के पर्यटन ग्राम धूसावनी में अब पर्यटकों को एक नया, अद्भुत और अविस्मरणीय अनुभव देने की शुरूआत हो चुकी है।

Next Post

इंदौर से किराए पर कार लेकर छिंदवाड़ा पहुंचे, चेन झपटी

Fri Oct 2 , 2026
छिंदवाड़ा। महंगे कपड़े पहनने और घूमने-फिरने का शौक पूरा करने के लिए इंदौर से किराए पर कार लेकर छिंदवाड़ा पहुंचे युवकों ने चेन स्नैचिंग की वारदात को अंजाम दिया। कोतवाली पुलिस ने मामले का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि-विवादित बालक को भी अभिरक्षा […]

You May Like