
छिंदवाड़ा। महंगे कपड़े पहनने और घूमने-फिरने का शौक पूरा करने के लिए इंदौर से किराए पर कार लेकर छिंदवाड़ा पहुंचे युवकों ने चेन स्नैचिंग की वारदात को अंजाम दिया। कोतवाली पुलिस ने मामले का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि-विवादित बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपी के कब्जे से करीब तीन लाख रुपये कीमत की सोने की चेन और लगभग सात लाख रुपये कीमत की कार बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार 18 सितंबर की शाम करीब सात बजे अक्षय नरेंद्र कुमार राव इवनिंग वॉक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान डीडीसी कॉलेज के गेट के पास सफेद रंग की हुंडई ओरा कार आकर रुकी। कार से दो युवक नीचे उतरे। एक युवक ने चाकू से धमकाया, जबकि दूसरे ने अक्षय के गले से करीब 20 ग्राम वजनी सोने की चेन झपट ली। वारदात के बाद दोनों आरोपित कार में सवार होकर मौके से फरार हो गए। घटना की शिकायत मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने आरोपितों की तलाश शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में दिखाई दिए हुलिए और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की जानकारी जुटाई। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि वारदात में शामिल एक आरोपित का हुलिया भोपाल के नया बसेरा निवासी प्रेम थापा से मिलता-जुलता है।
सौसर में पकड़े गए आरोपी ०००
पुलिस टीम ने 1 अक्टूबर को सौसर क्षेत्र में दबिश देकर प्रेम थापा सहित उसके दो साथियों को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपितों ने शुरुआत में पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया। सख्ती से पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर बाद में उन्होंने चेन स्नैचिंग की वारदात करना स्वीकार कर लिया। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने वारदात के दौरान कार की नंबर प्लेट बदल दी थी, ताकि पुलिस को वाहन की पहचान करने में परेशानी हो। पुलिस के अनुसार आरोपियो के खिलाफ पूर्व में भी मामले दर्ज हैं। मामले में पुलिस अन्य आपराधिक गतिविधियों और वारदातों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
पुलिस टीम को मिलेगा पुरस्कार ०००००
आरोपितों को पकडऩे में नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक चौधरी, कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक आशीष कुमार धुर्वे, सउनि ब्रिजेश सिंह रघुवंशी, सउनि सालिकराम भलावी, आरक्षक विकास बैस, सागर डेहरिया, निक्की विश्वकर्मा तथा साइबर सेल के प्रआर नितिन सिंह और आरक्षक आदित्य रघुवंशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक छिंदवाड़ा ने टीम के सदस्यों को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
