
सीधी। कुसमी थाना क्षेत्र में कियोस्क संचालक दयाराम कुशवाहा द्वारा अनुसूचित जनजाति वर्ग के ग्रामीणों के खातों से करीब 6.94 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पुलिस अधीक्षक डॉ. रवींद्र वर्मा के निर्देशन में आरोपी पर गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता लालमन बैगा ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि में से आरोपी ने आधार व अंगूठा लगवाकर 1.25 लाख निकाल लिए। इसी तरह सुखलाल बैगा को पत्नी की मृत्यु पर मिली 2 लाख की अनुग्रह राशि में से 1.92 लाख हड़प लिए। अन्य ग्रामीणों के खातों से भी रकम निकालकर आरोपी ने ठगी की। पुलिस ने आरोपी पर बीएनएस की धाराओं व एससी/एसटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की है। साथ ही अर्जित संपत्ति की कुर्की की कार्रवाई भी की जाएगी।
